ट्रक से 62 लाख रुपए की शराब जब्त : छिपाने के लिए प्लास्टिक पाइपों के नीचे बना रखा था गुप्त कम्पार्टमेंट, चालक फरार
शराब चंडीगढ़ निर्मित थी और इसकी सप्लाई गुजरात में की जानी
भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर आबकारी विभाग ने करीब 62 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त। तस्करों ने शराब छिपाने के लिए ट्रक में रखे प्लास्टिक पाइपों के नीचे विशेष गुप्त कम्पार्टमेंट बना रखा।
बालोतरा। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर आबकारी विभाग ने रविवार रात करीब 62 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया है। तस्करों ने शराब छिपाने के लिए ट्रक में रखे प्लास्टिक पाइपों के नीचे विशेष गुप्त कम्पार्टमेंट बना रखा था। हालांकि नाकाबंदी देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। जिला आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत ने बताया कि सूचना मिली कि बालोतरा क्षेत्र से होकर भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक अवैध शराब लेकर गुजरने वाला है।
सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान 12 चक्का ट्रक चालक नाकाबंदी देखकर वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने ट्रक की तलाशी ली। जांच में प्लास्टिक पाइपों के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी मिली। ट्रक से कुल 710 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इनमें 400 पेटी ऑल सीजन व्हिस्की, 168 पेटी ओल्ड स्कूल वोडका, 67 पेटी अन्य ब्रांड की बोतलें तथा 75 पेटी जुबली गोल्ड रिजर्व व्हिस्की शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब चंडीगढ़ निर्मित थी और इसकी सप्लाई गुजरात में की जानी थी।

Comment List