सिजेरियन के बाद एक और प्रसूता की मौत, दो दिन में दो महिलाओं ने तोड़ा दम
प्रेमनगर निवासी रोशन बैरवा की सिजेरियन के बाद मौत, परिजन शव लेकर बारां रवाना
कोटा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद एक और प्रसूता की मौत हो गई। शनिवार को प्रेमनगर निवासी रोशन बैरवा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को छावनी स्थित मीनार मस्जिद के पास रहने वाली रेशमा (40), पत्नी मसूद खान, की भी मौत हो गई थी। इस तरह दो दिनों में दो प्रसूताओं की मृत्यु से मामला गंभीर हो गया है। रोशन का रात 1 बजे आॅपरेशन हुआ था, शनिवार सुबह 7 बजे के बाद से अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई और कुछ घंटे बाद ही उसकी भी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और दोपहर करीब एक बजे शव लेकर बारां रवाना हो गए।
ड्रिप चढ़ाने के बाद बिगड़ी तबीयत
रोशन के पति महेंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार शाम करीब सात बजे पत्नी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए थे। उसे गायनी वार्ड में भर्ती कराया गया था। देर रात करीब एक बजे सिजेरियन ऑपरेशन हुआ। उस समय तक मां और बच्चा दोनों स्वस्थ थे।
महेंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे रोशन को सांस लेने में परेशानी होने लगी। वह तेजी से सांस ले रही थी। परिवार की महिलाओं ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसे ड्रिप चढ़ाई गई, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय हालत और बिगड़ती चली गई। चिकित्साकर्मी उसे आईसीयू में ले गए और उपचार शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। महेंद्र ने बताया कि रोशन के पेट में सूजन की समस्या के चलते उसकी बच्चेदानी निकालनी पड़ी थी।गौरतलब है कि शुक्रवार रात छावनी एक मीनार मजिस्द निवासी प्रसूता रेशमा की मौत हो गई थी।
सात प्रसूताओं की हो चुकी मौत
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोशन सहित अब तक 7 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। इससे पहले गत 5 मई को सिजेरियन के बाद 12 प्रसूताओं की किडनी फेल हो गई थी। जिसके बाद पांच प्रसूताएं पायल, ज्योति, पिंकी, प्रिया और शिरीन की मौत हो गई थी। वहीं, रागिनी, धन्नी, सुशीला, चंद्रकला, किरण, पिंकी और आरती को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी।

Comment List