कोटा में मातृ मृत्युदर में लगातार कमी, लेकिन रैफरल सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत
प्रसूता को घर से लेकर अस्पताल तक मिले तीन स्तरीय स्वास्थ्य सुरक्षा
कोटा। दैनिक नवज्योति की मासिक परिचर्चा की श्रंखला के तहत शुक्रवार को दैनिक नवज्योति कार्यालय में प्रसूताओं की मौत क्यों नहीं रुक रही, क्या है समाधान विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। परिचर्चा में जेकेलोन अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, निजी क्षेत्र के चिकित्सा विषेषक्षों के साथ मेडिकल फील्ड से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। परिचर्चा में कहा गया कि केवल कोटा में ही प्रसूताओं की मौत नहीं हुई है टोंक,बांसवाड़ा,बीकानेर,जोधपुर और अन्य स्थानों पर भी सिलसिलेवार मौतें हुई हैं। लेकिन इनका कोई स्पेसिफिक कारण अब तक सामने नहीं आया है। एक कॉमन चीज सामने आई है कि ज्यादातर प्रसूताएं रैफर होकर आई थी और गंभीर स्थिति में थी। उनमें पीपीएच रक्त श्राव की गंभीर स्थिति मिली जिससे उनके आर्गन फैल हो गए।हालांकि राजस्थान में कोटा में मातृ मृत्यु दर में लगातार कमी हो रही है और सबसे कम है लेकिन सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी हुई है। मुख्य कारण रक्तस्राव,संक्रमण, एनीमिया,अधिक गर्भधारण,उच्च रक्तचाप आदि हैं। परिचर्चा में कहा गया कि चिकित्सक और हॉस्पिटल के अतिरिक्त समाज और परिवार का भी दायित्व है समय समय पर पोषण और इलाज पर ध्यान रखे और प्रसूता को मोटिवेट करे। इसके साथ ट्रैकिंग सिस्टम में भी सुधार की गुंजाइश है। इमरजेंसी के लिये पृथक क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना हो, ताकि गंभीर, ट्रॉमा, हृदय रोगी को तुरंत इलाज मिल सके।
एक ही डॉक्टर की निगरानी में हो उपचार
महिला की गर्भवती होने के पहले महीने से ही उसकी देखभाल की जरूरत है। समय-समय पर महिला की जांच होनी चाहिए। जिनमें खून से लेकर बीपी,थायराइट के साथ मेडिकल हिस्ट्री की भी जानकारी डाक्टर को हो जाती है। लेकिन कई मरीज सरकारी और प्राइवेट के चक्कर लगाते रहते हैं। ऐसे में किसी एक डाक्टर को उनके बारे में पूरी जानकारी नहीं रहती। प्रसूताओं के मामले में जरूरी है कि शुरूआत से प्रसव तक एक ही डॉक्टर की निगरानी में उपचार होै। इससे किसी भी तरह की परेशानी आने पर वह पहले से सतर्क रहता है। गाइनों में बच्चे के साथ मां की भी जिंदगी दांव पर लगी होती है। इसे समझना बहुत जरूरी है। प्रसव पूर्व यदि नियमित व समय पर जांच होगी और खानपान व देखभाल अच्छी होगी तो क्रिटिकल पॉजिशन की संभावना कम हो जाती है। कोई भी डॉक्टर नहीं चाहता कि उनका मरीज गभ्मीर हालत में ना पहुंचे। वर्तमान में जिस तरह की स्थिति बनी है उसमें डॉक्टर्स में डर का माहौल हैं।
- डॉ. सपना मेहता, डायरेक्टर मेहता नर्सिंग होम
प्रसूता के लिए थ्री लेयर सुरक्षा हो
जिस तरह से वीवीआईपी की थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था होती है। उसी तरह से प्रसूताओं की देखभाल की भी थ्री लेयर व्यवस्था होनी चाहिए। शारीरिक, मानसिक और अस्पताल के स्तर पर । घर पर शुरू से ही महिला की देखभाल हो। सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज के प्रति डॉक्टर की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। आॅपरेशन थियटर संक्रमण मुक्त हो। साथ ही महिला को यदि कोई बीमारी है तो उसे छिपाना नहीं चाहिए। प्रसूता की मौत के पीछे कई कारण हो सकते हैं। हालांकि कोटा में पहले से प्रसूताओं की मौत कम हुई है। इसे और कम करने के लिए चिकित्सकीय व्यवस्था के साथ ही सामाजिक व पारिवारिक जागरूकता भी जरूरी है। महिला को खुद भी अपनी सेहत के प्रति सचेत रहना होगा।
-डॉ. सुधीर उपाध्याय, वरिष्ठ चिकित्सक,अध्यक्ष राम मंदिर चिकित्सालय
डॉक्टर के लिए हर प्रसव हाईरिस्क
कोटा का जेके लोन हाड़ौती का एम्स बना हुआ है। यहां हाडौती ही नहीं एमपी तक के कैसेज आते हैं और ठीक होकर जाते हैं। प्रसूताओं की मौत का मामला डॉक्टर और समाज किसी के लिए भी अच्छा नहीं है। कोई भी डॉक्टर नहीं चाहता कि उनके मरीज की मौत हो। लेकिन हालत यह है कि जे.के. लोन या मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जितनी भी प्रसूताओं की मौत हुई है उनमें अधिकतर गम्भीर हालत में रैफर होकर आई थी। पिछले सालों की तुलना में मौतों का आंकडा लगातार कम हुआ है। डॉक्टर हर प्रसव को हाईरिस्क मानकर चलते हैं और उसे उसी गंभीरता से ट्रीट करते हैं। कोटा में प्रसूताओं की मौत का आंकड़ा कई जिलों से काफी कम है। लेकिन एक साथ चार मौत होने से मामला इतना सुर्खियों में आ गया। प्रसव के बाद का एक घंटा काफी महत्वपूर्ण होता है। पीपीएच (ब्लीडिंग) उसी समय ही होती है। रैफरल डाक्टर्स को इसे किसी तरह रोक कर प्रसूता को यहां भेजना चाहिए। डॉक्टर के पास आने से पहले समाज और परिवार की भी महिला के प्रति जिम्मेदारी होती है। परिवार और समाज में गर्भवती महिला की देखभाल के प्रति जागरूकता की आवश्यकता है।
-डॉ. निर्मला शर्मा, विभागाध्यक्ष गायनी विभाग, जे,के. लोन हॉस्पिटल
इंसेंटिव बेस ट्रेकिंग हो तो अच्छे रिजल्ट आ सकते हैं
प्रसूताओं के मामलों में ट्रेकिंग का सिस्टम तो बना है लेकिन इसे रूरल स्तर पर पूरी तरह से फोलो किया जाना चाहिए। मरीजों के परिजनों को भी अवेयर रहना पड़ेगा। यदि इसे इंसेंटिव बेस कर दिया जाए तो मरीज खुद सामने आता है। महिला को खुद भी और पूरे परिवार को भी अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। प्रसूताओं की मौत कोटा में पहले से कम हुई है। लेकिन एक साथ कई मौत होने से इसे इतना अधिक गम्भीर माना जा रहा है। कोटा में जितनी भी प्रसूताओं की मौत हुई है। उनमें से अधिकतर गभ्मीर हालत में और रैफर होकर आई है। प्रसूता हो या मरीज यदि वह किसी अन्य जगह से रैफर होकर आ रहा है तो उसकी प्रोपर ट्रैकिंग होनी चाहिए और उसे समय पर उपचार मिलना चाहिए। जिससे इस तरह की अकाल मौतों को रोका या कम किया जा सकता है। सिस्टम की प्रोपर मॉनिटरिंग करने की जरूरत है।
-डॉ. एस.एन. गौतम, प्रोफेसर न्यूरोसर्जरी, गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज कोटा
रैफलर सिस्टम में सुधार की आवश्यकता
हम भी इनसान हैं। डॉक्टर को भगवान कहना बंद कीजिए। कोई डाक्टर नहीं चाहता कि उसके मरीज की मौत हो लेकिन कुछ चीजें उनके हाथ में नहीं होती। 36 वर्ष से कैडर की बात टल रही है लेकिन उसे टाला जा रहा है। डाक्टर्स की ग्रामीण इलाकों में कमी है। स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा हुआ है लेकिन मरीज दो से तीन गुना तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीज गम्भीर हालत में डॉक्टर के पास आता है तो उसे बचाने के तमाम प्रयास भी कई बार कारगर नहीं हो पाते। कोटा में प्रसूताओं की अधिकतर मौत बाहर से रैफर होकर आई महिलाओं की हुई है। इसका कारण रैफर होकर आने में लगा समय हो सकता है। ऐसे में इस सिस्टम में सुधार की आवश्यकता है। हालांकि राज्य में कोटा में मृत्युदर सबसे कम है। कई बार परिवार व महिला की लापरवाही भी मौत का कारण बनती है। ऐसे में आवश्यकता है कि प्रयास हो कि महिला की हालत गम्भीर नहीं हो। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
-डॉ दुर्गा शंकर सैनी, समाज सेवी, प्रदेश महासचिव अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ
सरकारी चिकित्सा तंत्र में सामंजस्य का अभाव
सीएचसी-पीएचसी से मेडिकल कॉलेज तक सामंजस्य का अभाव है। चिकित्सा क्षेत्र में एएनएम, जीएनएम व आशा सहयोगिनियां अहम कड़ी होते हैं। गांव-ढांणी में प्रसूताओं की मेडिकल हिस्ट्री का पूरा रिकॉर्ड होता है। उन्हें पाबंद किया जाए की हाई रिस्क महिलाओं को गर्भावस्था के 6 माह में एक बार अपने साथ एनएमसीएच व जेकेलोन अस्पताल लाकर गायनी विशेषज्ञ को दिखाएं और उसे डॉक्टर के बताए इलाज, सलाह, सावधानी, डाइट समझाने की जिम्मेदारी निभाएं। वहीं, प्रदेशभर में पीएचसी-सीएचसी जहां गायनोलोजिस्ट व एनेस्थीसिया विशेषज्ञ नहीं हैं, वहां के लिए कोडिनेशन कमेटी बने और सप्ताह में एक बार मेडिकल कॉलेज से इन विशेषज्ञों को भेजा जाए।
-डॉ. अमित व्यास, प्रदेश उपाध्यक्ष आईएमए
महिला की एएनसी मजबूत होनी चाहिए
गर्भवती महिला की एएनसी मजबूत होनी चाहिए। आयुर्वेद में महिला के गर्भ धारण से लेकर हर माह उनकी नियमित देखभाल व जांच के साथ ही उनकी खुराक पर पूरा ध्यान दिया जाता है। डॉक्टरों का पूरा प्रयास रहता है कि महिला का प्रसव सामान्य हो और वह प्रसव के समय गम्भीर हालत में न पहुंचे। लेकिन यदि महिला की हालत गभ्भीर होती है तो उसे रैफर करना ही पड़ता है। डॉक्टर का प्रयास रहता है कि प्रसव के समय महिला और बच्चा दोनों की जान को कोई खतरा नहीं हो। आने वाले समय में सरकार से अनुमति मिलने पर आयुर्वेद में भी प्रसव किए जा सकेंगे।
- डॉ. अंजना शर्मा अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग कोटा
हर सीएचसी-पीएचसी पर हो गायनोलोजिस्ट व एनेस्थीसिया
प्रसूताओं की मौत, तीन तरह की देरी को रोक कर कम किया जा सकता है। पहला-गर्भवती का समय पर अस्पताल पहुंचना सबसे अहम है। दूसरा-परिवार के लोग निर्णल लेने में तेजी दिखाएं। यह नहीं हो कि प्रसूता को ब्लड की जरूरत हो और परिजन एक-दूसरे का मुंह देखते रहे, ऐसी स्थिति में तुरंत ब्लड का इंतजाम के लिए जिम्मेदारी उठाएं ताकि समय पर खून मिल सके। वहीं, सरकार ने 600 पदों पर मेडिकल आॅफिसर की भर्ती निकाली थी, जिसके लिए 36 हजार अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया। जबकि, 4 हजार पद रिक्त हैं, तीसरा-हर सीएचसी-पीएचसी पर गायनोलोजिस्ट व पीडियाट्रिक होने चाहिए।
-डॉ. दीपक गुप्ता, मनोचिकित्सक, अध्यक्ष आईएमए कोटा
महिला का पेट जैसे डस्टबीन
भारतीय महिला पूरे परिवार का ध्यान रखती है लेकिन अपने ऊपर ध्यान नहीं देती। पौषण के मामले में तो बिलकुल भी नहीं। अपना पेट तो जैसे वह डस्टबीन समझती है। महिला के गर्भावस्था में शुरूआत से ही उसकी देखभाल प्रोपर होनी चाहिए। जितनी खुराक उसे प्रसव के बाद दी जाती है उससे कहीं अधिक जरूरत प्रसव पूर्व खानपान व देखभाल की होती है। महिलाओं में कई तरह का तनाव रहता है। वह घर परिवार की देखभाल में व्यस्त रहने के कारण अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बतरने लगती है। जबकि महिलाओं के साथ ही पूरे परिवार को प्रसूताओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है। डॉक्टर की प्राथमिकता गम्भीर मरीज की भी सही उपचार से जान बचाने की रहती है। लेकिन महिला व परिवार की लापरवाही से कई बार मौत भी हो जाती हैं। हालांकि ऐसा नहीं होना चाहिए।
-डॉ. मांडवी गौतम, एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट आयुर्वेद कॉलेज कोटा
प्रसूता की मौत का पहला जिम्मेदार परिवार
जिस तरह से बच्चों के कॅरियर के लिए बेहतर इंस्टीट्यूट, फेसेलिटी का चयन करते हैं, उसी शिद्दत से गर्भवती की देखभाल, डाइट व इलाज की जिम्मेदारी परिवार को निभानी चाहिए। उसे अच्छे अस्पताल, डॉक्टर को दिखाएं, यदि कोई बीमारी है तो इलाज करवाएं। प्रसूता की मौत का सबसे पहले जिम्मेदार परिवार होता है। दूसरा समाज और तीसरा सरकार, जिसने सरकारी चिकित्सा संस्थानों को मेन पावर नहीं दे रखी। ऐसी स्थिति में डॉक्टर्स कैसे सीएचसी व पीएचसी संभालेंगे। जब प्रसूता की मौत होती है तो सब डॉर्क्स पर उंगली उठाते हैं। हालात यह हैं, नीट-पीजी में 100 में से मात्र 1 ही फिमेल केंडिडेट ने ही गायनी स्ट्रीम ली है।
-डॉ. गोपाल भाटी, रेडियोलोजिस्ट
परिवार व समाज में जागरूकता बढ़े
गंभीर एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, पौषण की कमी, रैफरल सिस्टम जैसी प्रमुख चीजें हैं जिनके लिए जागरुकता होनी चाहिए। जो महिला के गर्भवती होने के साथ ही उसकी देखभाल सही ढंग से होनी चाहिए। परिवार और समाज में जागरूकता बढ़े ताकि महिला गभ्मीर हालत में पहुंचे ही नहीं। महिला का एक ही डॉक्टर से इलाज करवाने पर डॉक्टर को उसकी पूरी जानकारी रहती है। ऐसे में यदि उन्हें कुछ होता है तो तुरंत संभाला जा सकता है। लेकिन गम्भीर हालत में महिला के अस्पताल आने पर डॉक्टर चाहकर भी कुछ नहीं कर पाते। जहां तक संभव हो प्रसव संस्थागत यानि अस्पताल में ही होना चाहिए।
-निधि जैन समाज सेविका
मरीज पूरी मेडिसीन नहीं लेते
मरीज पूरी मेडिसीन नहीं लेते हैं। डॉक्टर को दिखाने के बाद फोलोअप नहीं करते हैं। हर डॉक्टर यही चाहता है कि जो मरीज उनके पास आए वह बिलकुल ठीक होकर जाए। मरीज व परिजनों को यह समझना चाहिए कि यदि, डॉक्टर ने 10 दिन की दवा लिखी है तो उसका सेवन निर्धारित अवधि तक ही किया जाए। मरीज की जागरुकता अत्यंत जरूरी है। वह सिथति गंभीर होने पर अस्पताल पहुंचता है उससे पहले अपने प्रयास करता रहता है।
-महेश शारदा, मेडिकल स्टोर संचालक

Comment List