पुलिस की मारपीट और आरोपियों की परेड से नाराज लोगों ने खोह नागोरियान थाने का किया घेराव, इलाके में तनावपूर्ण माहौल
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे
जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, राजकार्य में बाधा और सरकारी वाहन में तोड़-फोड़ के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की परेड निकाले जाने से नाराज होकर समुदाय विशेष के लोगों ने एकत्रित होकर खोह नागोरियान थाने का घेराव शुरू कर दिया। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के थाने पहुंचने से पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की देर रात पाटियों की ढाणी में अवैध रूप से डीजे बजाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। डीजे बंद करवाने की बात को लेकर कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए राजकार्य में बाधा पहुंचाई और हिंसक घटना को अंजाम देते हुए सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले में पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार तलाश और तकनीकी व पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने कदीर खान, शौकीन उर्फ मिश्रा, बाबू खान, सद्दाम खान और इकराम खान को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी जब्त किए हैं। इसके अलावा घटना के समय बजाए जा रहे डीजे उपकरणों को भी जब्त किया गया है।
आरोपियों की परेड निकाले जाने से नाराज लोगों द्वारा थाने का घेराव किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Comment List