चंडीगढ़ निगम चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 30 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानें किस वार्ड से किसे मिला टिकट
अब अकाली दल पर नजर
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एचएस लक्की की ओर से जारी सूची में वार्ड नंबर 1 से 35 तक के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने सामान्य, अनुसूचित जाति (एससी) और महिला आरक्षित वार्डों के अनुसार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। सूची में 21 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार, चार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार और पांच महिला प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें चार सामान्य वर्ग और एक आरक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवार हैं।
नगर निगम के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को मतगणना की जाएगी। इससे पहले भाजपा 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने दो सूचियों के माध्यम से 17 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। नगर निगम चुनाव में शिरोमणि अकाली दल भी अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है। अकाली दल और भाजपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों के बीच सहमति बनने के बाद अकाली दल की ओर से भी उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी किए जाने की संभावना है।

Comment List