दोपहर 3 बजे तक 51.59 प्रतिशत मतदान
कांग्रेस नेताओं ने भी किया मतदान, शांति धारीवाल परिवार के साथ पहुंचे बूथ
कोटा। नगर निगम कोटा के 100 वार्डों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान में कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कोटा उत्तर से विधायक एवं पूर्व मंत्री शांति धारीवाल अपने पुत्र अमित धारीवाल, पुत्रवधू एकता धारीवाल और पुत्र गर्वित धारीवाल के साथ सिविल लाइंस स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मतदान केन्द्र पहुंचे और मतदान किया। परिवार के साथ मतदान करने के बाद धारीवाल ने नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा किया।
पूर्व विधायक, कांग्रेस नेता और लोकसभा प्रत्याशी रहे प्रहलाद गुंजल ने वार्ड 87 के बसंत विहार स्थित मतदान केन्द्र पर वोट डाला। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने भी वार्ड 51 स्थित एक निजी स्कूल के मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान किया।
तीन बजे तक 51.59 प्रतिशत मतदान
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार शहर में मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। सुबह 7 से 10 बजे तक 18.33 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 38.84 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 51.59 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

Comment List