कोटा-बारां फोरलेन पर हादसा : डोल मेले से लौट रहे दो युवकों की मौत
डायरा के पास दो बाइकों की भिड़ंत, सड़क पर गिरे युवकों को भारी वाहन ने कुचला
कोटा। कोटा-बारां फोरलेन पर शुक्रवार देर रात कैथून थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बारां में आयोजित डोल मेले से बाइक पर कोटा लौट रहे थे। कैथून थानाधिकारी मनोज सिकरवार ने बताया कि हादसा रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच डायरा गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान सन्नी उर्फ सोनू (30) पुत्र निवासी घोड़ा बस्ती, जवाहर नगर और सुनील (24) निवासी बरड़ा बस्ती, अनंतपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार डायरा के पास उनकी बाइक की किसी अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील गंभीर घायल हो गया। उसे एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया है। सन्नी का शव न्यू मेडिकल कॉलेज और सुनील का शव एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

Comment List