उम्र नहीं रोक पाई मतदान का जज्बा
80 पार बुजुर्ग भी पहुंचे मतदान केन्द्र
कोटा। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करने का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता। कोटा में 80 वर्ष से अधिक उम्र के कई बुजुर्ग भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने मतदान केन्द्रों तक पहुंचे। हालांकि मतदान केन्द्रों पर सुविधाजनक व्यवस्थाओं के अभाव में कई बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा।हालात यह रहे कि कहीं परिजन बुजुर्गों को दोपहिया वाहन या कार से मतदान केन्द्र तक लेकर पहुंचे तो कहीं उन्हें गोद में उठाकर मतदान केन्द्र के अंदर ले जाना पड़ा। इसके बावजूद बुजुर्गों में मतदान को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
सीढ़ियां उतरने में हुई परेशानी, लोगों ने की मदद
वार्ड नंबर 68 की पानाबाई भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने स्थित भुवनश बाल विद्यालय मतदान केन्द्र पर वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद जब वह बाहर निकलने लगीं तो सीढ़ियां उतरते समय उन्हें परेशानी होने लगी।पानाबाई को परेशानी में देख वहां मौजूद पड़ोसियों और अन्य लोगों ने उनकी मदद की। लोगों ने उन्हें सहारा देकर धीरे-धीरे सीढ़ियों से नीचे उतारा। इसके बाद पानाबाई अपने एक परिचित के साथ दोपहिया वाहन पर बैठकर घर के लिए रवाना हो गईं।

Comment List