हार्ट अटैक से डिप्टी एसपी की मौत : पुलिस विभाग में शोक, जवानों ने दी गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी
पुलिसकर्मी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे
कोटा। 14वीं आरएसी (खनन) में तैनात डीएसपी गिरिराज गर्ग (56) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार रात क्वार्टर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उपचार के दौरान गुरुवार अलसुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच उनकी मौत हो गई। उनके निधन की सूचना से पुलिस विभाग में शोक की लहर छा गई। दादाबाड़ी पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मामले में मर्ग दर्ज किया गया है। पुलिस निरीक्षक बलदेवराम नेबताया कि आरएसी 14वीं सी कंपनी के इंचार्ज डिप्टी एसपी गिरिराज गर्ग पुत्र बाला प्रसाद गर्ग निवासी मांडलगढ़ की बुधवार रात को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। रात को फोन आने पर कोटा पहुंचे डीएसपी गर्ग के बेटे प्रज्वल गर्ग ने बताया कि बुधवार रात पुलिस स्टाफ की ओर से फोन आया था कि उनके पिता की तबीयत खराब है। इस पर वह और उनके दादाजी कोटा पहुंचे, लेकिन सुबह करीब 4 बजे तक उनके पिता का निधन हो चुका था। इस दौरान आरएसी के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी।

Comment List