असर खबर का : अब कोटा यूनिवर्सिटी कराएगा विशेष बैक परीक्षा, विद्यार्थियों को मिली राहत, नवज्योति का जताया आभार
नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद विवि ने लिया फैसला
कोटा। स्नातक की डिग्री पूरी करने के लिए बैक परीक्षा का इंतजार कर रहे हजारों विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। बैक परीक्षा क्लियर न होने से यूजी की डिग्री समय पर पूरी नहीं होने की चिंता से गुजर रहे विद्यार्थियों की पीड़ा को दैनिक नवज्योति ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद कोटा विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए पांचवे व छठे सेमेस्टर की विशेष बैक परीक्षा करवाने की निर्णय लिया।
दरअसल, विश्वविद्यालय पांचवें और छठे सेमेस्टर में अनुत्तीर्ण रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष बैक परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए आॅनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, यह मौका सभी विद्यार्थियों के लिए नहीं है। केवल स्नातक के नियमित और स्वयंपाठी विद्यार्थी ही आवेदन कर सकेंगे, जबकि प्रथम से चौथे सेमेस्टर में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा शुल्क 1,400 रुपए निर्धारित किया है और आवेदन के लिए अलग-अलग चरणों में समय-सीमा तय की है। बता दें, दैनिक नवज्योति ने 15 अक्टूबर के अंक में 3 साल की डिग्री में लग रहे चार साल, सेमेस्टर सिस्टम बन रहा बोझिल...शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। साथ ही वॉयस आॅफ यूथ एंड अल्फा अभियान के तहत विद्यार्थियों की पीड़ा से विश्वविद्यालय को रुबरू किया था।
तीन चरणों में जमा होगा परीक्षा शुल्क
विश्वविद्यालय की ओर से 13 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य शुल्क के साथ आॅनलाइन आवेदन 14 से 16 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। इसके बाद 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ 17 से 19 अक्टूबर तक आवेदन का अवसर मिलेगा। अंतिम चरण में 20 से 22 अक्टूबर तक परीक्षा शुल्क के बराबर विलंब शुल्क देकर आवेदन किया जा सकेगा। विद्यार्थियों ने विशेष बैक परीक्षा का अवसर मिलने पर दैनिक नवज्योति का आभार जताया।
आवेदन की हार्ड कॉपी 24 तक करानी होगी जमा
आवेदन पत्र की हार्डकॉपी महाविद्यालय में जमा कराने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को आॅनलाइन आवेदन के बाद आवश्यक दस्तावेजों और शुल्क चालान की मूल प्रति के साथ सत्यापित दस्तावेज निर्धारित समय में जमा कराने होंगे।
पांचवें और छठे सेमेस्टर की होगी परीक्षा
विशेष बैक परीक्षा स्नातक पाठ्यक्रमों के पांचवें और छठे सेमेस्टर में अनुत्तीर्ण रहे उन विद्यार्थियों के लिए है, जिनकी डिग्री पूरी नहीं हो पा रही है। बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए और बीएससी बायोटेक्नोलॉजी व माइक्रोबायोलॉजी सहित संबंधित स्नातक पाठ्यक्रमों के पात्र नियमित और स्वयंपाठी विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के निदेर्शों के मुताबिक, पांचवें सेमेस्टर में एक और छठे सेमेस्टर में एक विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यानी यह व्यवस्था सभी सेमेस्टर की बैक एक साथ खत्म करने का अवसर नहीं है। प्रथम से चौथे सेमेस्टर में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विशेष बैक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
पुनर्मूल्यांकन का नहीं मिलेगा लाभ
विशेष परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की सुविधा नहीं मिलेगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने से पहले विद्यार्थी अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। आवेदन में गलती होने पर जमा परीक्षा शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। यह शुल्क गैर-वापसी योग्य रहेगा।

Comment List