असर खबर का... गणेश पूजन के साथ दशहरा मेले की तैयारियों का शुभारंभ कल से
इस वर्ष 11 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक सजेगा कोटा का ऐतिहासिक दशहरा मेला
कोटा। कोटा के 133 वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का आयोजन इस वर्ष 11 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक किया जाएगा। इस ऐतिहासिक मेले की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ बुधवार को गणेश स्थापना व पूजन के साथ होगा।नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि कोटा का दशहरा मेला राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। लगभग एक माह तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान पूरा शहर उत्सवमय वातावरण में रंग जाता है। मेले में लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक संध्याएं, पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी, मनोरंजन गतिविधियां और विविध आयोजन आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
दशहरा मेला भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और लोक परंपराओं का जीवंत मंच माना जाता है। यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक मेले में पहुंचकर भारतीय संस्कृति की विविध रंगों से रूबरू होते हैं। इस वर्ष का मेला पहले से भी अधिक भव्य और आकर्षक बन सके इसके लिए 24 जून को सुबह 10.30 बजे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच परिसर में विघ्नहर्ता व रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश के पूजन-अर्चन के साथ मेले की तैयारियों की शुरूआत होगी।
आयुक्त मेहरा ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनप्रतिनिधियों, गणमान्य प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं, पर्यटन और विविध क्षेत्रों के विशेषज्ञो के साथ आमजन के भी सुझाव और सहयोग से इस वर्ष भी मेले का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप में किया जाए, ताकि प्रदेश की इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर का आयोजन निर्विघ्न व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
25 जुलाई को देवशयनी एकादशी
इस वर्ष 25 जुलाई को देव शयनी एकादशी है। इस दिन से करीब चार माह तक शुभ व मांगलिक कार्यक्रम नहीं हो सकते। ऐसे में इसी अवधि में दशहरा मेला होने से उसके आयोजनों पर भी संकट मंडराने लगता है। इसे देखते हुए हर साल नगर निगम की ओर से देव शयनी एकादशी से पहले ही गणेश स्थापना व पूजन किया जाता है। जिससे देव शयनी के बावजूद मेले की तैयारियां की जा सके।
नवज्योति ने किया था प्रकाशित
गौरतलब है कि गणेश स्थापना व पूजन से संबंधिरत समाचार दैनिक नवज्योति ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। समाचार पत्र में 19 जून के अंक में पेज 4 पर' देवशयनी एकादशी से पहले होगी मेले की गणेश स्थापना शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसमें बताया था कि गत वर्ष 30 मई को गणेश स्थापना कर दी गई थी। इस बार अभी तक नहीं हुई है। जबकि निगम अधिकारियों का कहना था कि इस संबंध में शीघ्र ही आदेश जारी कर दिया जाएगा। नवज्योति में समाचार प्रकाशित होते ही आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने सोमवार को ही गणेश स्थापना व पूजन का आदेश जारी कर दिया। जिसमें 24 जून को सुबह 10.30 बजे श्रीराम रंगमंच पर गणेश स्थापना व पूजन का कार्यक्रम रखा गया है।

Comment List