असर खबर का - पॉलिथीन पर सख्ती शुरू, निगम ने पहले ही दिन दो दुकानों पर ताला जड़ा
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई
प्रतिबंधित के बाद भी शहर में पॉलिथीन का धडल्ले से उपयोग जारी।
कोटा। राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित करने के बाद भी शहर में धडल्ले से सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलिथीन) का उपयोग व बिक्री करने वालों पर नगर निगम ने सख्ती करना शुरु कर दिया है। निगम टीम ने शुक्रवार को पहले ही दिन दो दुकानों को सीज किया है। नगर निगम कोटा दक्षिण के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा के आदेश की पालना में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने शहर में दुकानों का सर्वे किया।
इस दौरान सूचना मिली कि धानमंडी स्थित दो दुकानों में प्लास्टिक का अवैध माल भरा हुआ है। इसकी पुष्टि करने के बाद दुकान के किराएदार को मौके पर बुलाया गया लेकिन वह नहीं आए। जबकि उन दुकानों के मालिक मौके पर पहुंच गए थे। वहां अवैध रूप से पॉलिथीन का माल भरा हुआ था। जिसे देखते हुए दोनों दुकानों को सीज किया गया है। सीएफओ व्यास ने बताया कि शहर में जहां भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग किया जाएगा। वहां उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सहायक अभियंता तौसिफ खान स्वास्थ्य निरीक्षक नासिर व अतिक्रमण की टीम मौजूद रही।
एक दिन पहले गठित की टीम
जिला कलक्टर द्वारा शहर में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान कोटा दक्षिण निगम आयुक्त को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन निर्देशों की पालना में आयुक्त ने गुरुवार को ही टीम गठित कर दी। जिसमें सीएफओ राकेश व्यास, सहायक अभियंता तौसिफ खान, स्वास्थ्य अधिकारी रिचा गौतम, संबंधित कनिष्ठ अभियंता क्षेत्र के अनुसार, फायरमैन मुकेश तंवर, संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक और अतिक्रमण दस्ता को शामिल किया गया है।
नवज्योति ने किया था मामला प्रकाशित
सरकार द्वारा प्रतिबंधित करने के बाद भी शहर में पॉलिथीन का धडल्ले से उपयोग होने के बारे में दैनिक नव’योति ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार पत्र में 9 सितम्बर को पेज 4 पर‘ बाजार में धडल्ले से हो रहा पॉलिथीन का उपयोग’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इस समाचार में शहर की हकीकत दिखाई गई थी। उस समय निगम अधिकारियों ने शीघ्र ही कार्यवाही का दावा किया था। अब जिला कलक्टर ने जब सख्ती से कार्यवाही करने का आदेश दिया तो निगम अधिकारी हरकत में आए और कार्यवाही के लिए न केवल टीम गठित की वरन् कार्रवाई भी तुरंत शुरू कर दी गई।

Comment List