असर खबर का : जल प्रवाह से पहले नहरों की सफाई शुरू
आलनिया मध्यम सिंचाई परियोजना की आरएमसी नहर में लगाए मनरेगा श्रमिक
अरण्डखेड़ा। आलनिया मध्यम सिंचाई परियोजना की नहरों में झाड़-झंखाड़ उगने से जल प्रवाह प्रभावित होने की आशंका को लेकर नहरों में हो रहे झाड़-झंखाड़, ऐसे में कैसे होगा जल प्रवाह शीर्षक से दैनिक नवज्योति में समाचार प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग हरकत में आया है। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरएमसी नहर में मनरेगा श्रमिकों को लगाकर सफाई कार्य शुरू करवा दिया है।
नहरों में लंबे समय से झाड़-झंखाड़ उगने के कारण पानी के प्रवाह में बाधा आने की आशंका बनी हुई थी। समाचार के माध्यम से समस्या उजागर होने के बाद विभाग ने सफाई कार्य शुरू करवाया। नहरों की सफाई होने से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने में आने वाली संभावित बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
नहरों में जल प्रवाह से पहले सफाई जरूरी
आलनिया मध्यम सिंचाई परियोजना के सहायक अभियंता राकेश कुमार मीणा ने बताया कि नहरों में जल प्रवाह शुरू होने से पहले सफाई करवाना जरूरी है, ताकि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने में परेशानी नहीं हो। इसी क्रम में शुक्रवार को आरएमसी नहर और बृजनगर डिस्ट्रीब्यूटरी नहर का मौका निरीक्षण किया गया।कनिष्ठ अभियंता महावीर गुर्जर और वाटर मास्टर ललितेश गौतम भी मौजूद रहे।

Comment List