पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
स्पष्ट किया कि आमजन को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही नहीं
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में पेयजल व्यवस्था को सुचारू और निर्बाध बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इसमें विभाग की विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम किया जाए। जिन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
उन्होंने लंबे समय से लंबित पेयजल परियोजनाओं को गति देते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। शर्मा ने कहा कि बजट घोषणाओं का लाभ आमजन तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। परियोजनाओं में अनावश्यक देरी और लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List