पुलिस लाइन में लाखों की हेराफेरी : एएसआई बर्खास्त, 11 बिंदुओं पर जांच के बाद एफआईआर
मेस, जवानों की सिक्योरिटी राशि, 60 लाख की एफडी और कपड़ा स्टोर में गड़बड़ी
कोटा। जवानों की थाली से लेकर उनकी जमा पूंजी तक, पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं में लाखों रुपए की कथित हेराफेरी सामने आई है। मेस के बर्तन फंड, जवानों की सिक्योरिटी राशि, 60 लाख रुपए की एफडी और कपड़ा स्टोर में अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद कोटा सिटी पुलिस में हड़कंप मच गया। पांच महीने चली विभागीय जांच में 11 बिंदुओं पर गड़बड़ियां सामने आने के बाद एसपी तेजस्वनी गौतम ने एएसआई रूपराम मीणा को दोषी मानते हुए 27 नवंबर को सीसीए रूल 19(2) के तहत बर्खास्त कर दिया। मेस की राशि के गबन और फर्जी हस्ताक्षरों के मामले में नयापुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अनुसंधान डिप्टी एसपी अमर सिंह राठौड़ को सौंपा गया है। पूर्व आरआई राम सिंह मीणा की जांच में लापरवाही सामने आने पर रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजी गई है।
300 जवानों की थाली में भी गड़बड़ी
एसपी के अनुसार पुलिस लाइन मेस में रोजाना करीब 300 जवान भोजन करते हैं। जांच में सामने आया कि एक डाइट की वास्तविक लागत 28 से 31 रुपए थी, जबकि रिकॉर्ड में 40 रुपए तक दर्शाई गई। इस तरह प्रति डाइट 10 से 12 रुपए अधिक वसूलने का आरोप है। तत्कालीन एएसआई पर मेस का रिकॉर्ड संधारित नहीं करने और बिना रिकॉर्ड के नोडल सर्टिफिकेट जारी करने की अनियमितता भी मिली।
25 लाख की सिक्योरिटी राशि निजी खाते में
वर्ष 2021 से फरवरी 2026 तक पुलिस लाइन में 700 से अधिक जवान भर्ती हुए। प्रत्येक से 3 हजार रुपए सिक्योरिटी राशि ली जाती थी। यह रकम विभागीय खाते में जमा होनी थी, लेकिन जांच में करीब 24 से 25 लाख रुपए निजी बैंक खाते में जमा कराने और इसके लिए निजी खाते के क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने की बात सामने आई।
60 लाख की एफडी तुड़वाई, बर्तन फंड में भी गड़बड़ी
मेस के कार्यों के लिए कराई गई करीब 60 लाख रुपए की एफडी को निर्धारित प्रक्रिया के बिना अलग-अलग समय पर तुड़वाया गया। राशि के निजी उपयोग और एफडी तुड़वाने के लिए फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की आशंका है। वहीं, 2020 से फरवरी 2026 तक मेस कैशियर रहे रूपराम मीणा के कार्यकाल में मेस और बर्तन फंड के 12 से 13 लाख रुपए की अनियमितता सामने आई। चार्ज संभालते समय उन्हें करीब 18 लाख रुपए नकद और रिकॉर्ड सौंपा गया था।
कपड़ा स्टोर में भी हेराफेरी के आरोप
जवानों की ड्रेस, जूते, मोजे और स्वेटर के स्टोर में भी गड़बड़ी के आरोप हैं। नए जवानों को बाहरी टेलर से ड्रेस सिलवाने के लिए मजबूर करने और स्टोर का सामान बेचने की शिकायत मिली। गोपनीय परिवाद पर एडिशनल एसपी मुख्यालय चंचल मिश्रा ने 11 बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें पूर्व रिजर्व इंस्पेक्टर राम सिंह मीणा और एलओ दुर्गा की भूमिका भी संदिग्ध मिली। पुलिस लाइन मेस का 8 से 10 साल तक नियमित निरीक्षण नहीं होने की बात भी सामने आई है। अब विभागीय कार्रवाई के साथ मामले की आपराधिक जांच शुरू हो गई है।

Comment List