फायरिंग अभ्यास के बाद पिस्टल चेक करते समय चली गोली, कांस्टेबल घायल
अभेड़ा फायरिंग रेंज में शनिवार सुबह हुआ हादसा, हाथ की अंगुलियों में लगी गोली
कोटा । कोटा शहर पुलिस के जवान शनिवार सुबह अभेड़ा फायरिंग रेंज में वार्षिक फायरिंग अभ्यास के लिए पहुंचे थे। अभ्यास पूरा होने के बाद जवान अपने हथियारों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार भी अपनी पिस्टल चेक कर रहे थे। तभी अचानक पिस्टल से गोली चल गई और उनके हाथ की अंगुलियों में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर रेंज में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने तुरंत घायल कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाया।
एमबीएस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने घायल कांस्टेबल का उपचार शुरू किया। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी चंचल मिश्रा भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल जवान का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। हाथ में गोली लगने से अंगुलियों में चोट आई है। चिकित्सकों के अनुसार, चोट के चलते जवान की सर्जरी की जाएगी। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
एडिशनल एसपी चंचल मिश्रा ने बताया कि पुलिस की वार्षिक फायरिंग के दौरान पूरा स्टाफ फायरिंग रेंज में मौजूद था। अभ्यास पूरा होने के बाद हथियारों की जांच करते समय अचानक गोली चलने से कांस्टेबल के हाथ की अंगुलियों में चोट लग गई। घायल जवान को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उनके हाथ की सर्जरी की जाएगी।

Comment List