मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में 29 नवंबर को रवि पुष्य पर होगा पंचामृत अभिषेक, 1008 मोदक अर्पित होंगे
गुलाब जल से अभिषेक होगा
जयपुर। मोती डूंगरी स्थित भगवान श्री गणेश जी महाराज के मंदिर में रविवार, 29 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर पुष्य पंचामृत अभिषेक का आयोजन होगा। अभिषेक प्रातः 8 बजे प्रारंभ होगा। इस दौरान भगवान श्री गणेश जी महाराज का 151 किलो दूध, 21 किलो दही, घी, 21 किलो बूरा, शहद, केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र एवं गुलाब इत्र से अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक से पूर्व भगवान श्री का गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा। इसके बाद केवड़ा जल और गुलाब जल से अभिषेक होगा तथा पंचामृत अभिषेक के पश्चात पुनः गंगाजल से स्नान कराया जाएगा।
प्रातः 11 बजे भगवान श्री गणपति सहस्त्रनाम के पाठ के साथ 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। रवि पुष्य को मनोकामना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश जी महाराज नवीन पोशाक धारण करेंगे और फूल बंगले में विराजमान होंगे। भगवान को खीर का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।

Comment List