असर खबर का : 12 दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, आज से वापस काम पर लौटेंगे
तीन माह का बकाया भुगतान मिलने पर काम पर लौटेंगे कर्मचारी
बपावरकलां। ग्राम पंचायत बपावरकलां में सफाई कर्मचारियों की पिछले 12 दिनों से जारी हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। सफाई ठेकेदार की ओर से तीन माह का बकाया भुगतान किए जाने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया। अब मंगलवार से सफाई कर्मचारी काम पर लौटेंगे और गांव में सफाई व्यवस्था फिर से शुरू होगी। सफाई कर्मचारियों की समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति ने सोमवार के अंक में प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद मामले में कार्रवाई हुई और कर्मचारियों को बकाया भुगतान मिला। गौरतलब है कि लंबे समय सेभुगतान नहीं होने के कारण सफाई कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। इसके चलते उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल के कारण गांव की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी और गलियों व सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने से आमजन सहित राहगीरों व दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों में फैल रहा था आक्रोश
मामले में शासन-प्रशासन की शवयात्रा निकाल कर विरोध प्रदर्शन भी किया था। साथ ही ज्ञापन सौंपकर समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
भविष्य में दोबारा नहीं आने देंगे समस्या
सफाई ठेकेदार मोनू मीणा ने भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा नहीं आने देने की बात कही। हड़ताल समाप्त होने से ग्रामीणों को गंदगी से राहत मिलने और गांव की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद सभी सफाई कर्मचारियों को तीन माह का भुगतान कर दिया गया है। मंगलवार से कर्मचारी काम पर लौटेंगे और गांव में सफाई कार्य शुरू करेंगे।
- मोनू मीणा, सफाई ठेकेदार, बपावरकलां
सफाई कर्मचारियों के बकाया भुगतान को लेकर सफाई ठेकेदार मोनू मीणा को पाबंद किया गया था। ठेकेदार ने सोमवार को कर्मचारियों का तीन माह का बकाया भुगतान कर दिया है। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है।
- मुरलीधर वैष्णव, ग्राम विकास

Comment List