असर खबर का : जलदाय विभाग ने शुरू की टंकियों की सफाई
दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया विभाग
क्लोरीनेशन व नियमित जांच की व्यवस्था का दिया आश्वासन ।
सुकेत । दैनिक नवज्योति में जलदाय विभाग की टंकियों की नहीं होती नियमित सफाई शीर्षक से खबर प्रकाशित होने खबर का असर दिखाई देने लगा है। खबर प्रकाशित होते ही जलदाय विभाग की टीम ने सुकेत क्षेत्र की पानी की टंकियों और मुख्य ओवरहेड टंकी की सफाई अभियान शुरू कर दिया। विभाग की कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह जेईएन के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने टंकियों को खाली कर उनमें जमी काई, गंदगी और तलछट को बाहर निकाला। इसके बाद टंकी की दीवारों को ब्लीचिंग पाउडर से साफ किया गया। विभाग ने टंकी में दोबारा पानी भरने से पहले क्लोरीन की उचित मात्रा भी डाली। अधिकारियों ने बताया कि अब प्रत्येक 15 दिन में पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
स्टाफ की कमी से नहीं हो रही नियमित सफाई
जलदाय विभाग के एईएन बच्चू सिंह ने माना कि स्टाफ की कमी के कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि खबर के माध्यम से मामला संज्ञान में आने के बाद अब रोस्टर बनाकर प्रत्येक छह माह में टंकियों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किएगए हैं।
लोगों ने विभाग की कार्रवाई पर जताया संतोष
स्थानीय निवासियों ने विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग सक्रिय हुआ है और अब लोगों को साफ पानी मिलने लगा है। महिलाओं ने भी उम्मीद जताई कि भविष्य में नियमित सफाई व्यवस्था जारी रहेगी।
इनका कहना है
विभाग ने नगरपालिका क्षेत्र की सभी पानी की टंकियों और जलाशयों की सफाई एक सप्ताह में पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक टंकी पर सफाई की तारीख अंकित करने वाला बोर्ड भी लगाया जाएगा।
-बच्चू सिंह, एईएन, जलदाय विभाग

Comment List