विवेकानंद सर्किल पर साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था का अभाव, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
रात के समय बनी रहती है हादसों की आशंका
लाखों रुपए की लागत से लगाई लाइटें अभी तक नहीं हुई रोशन।
बपावरकलां। हाल ही में बपावरकलां ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित विवेकानंद सर्किल की देखरेख को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। सर्किल पर स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के आसपास न तो नियमित साफ-सफाई की जा रही है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि 25 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की गई और 26 जनवरी को ग्राम पंचायत द्वारा माल्यार्पण कर कार्यक्रम की औपचारिकता पूरी कर ली गई। लेकिन इसके बाद सर्किल की ओर ध्यान नहीं दिया गया। प्रतिमा को अभी तक स्थायी रूप से सीमेंट से भी सुरक्षित नहीं किया गया है। विवेकानंद सर्किल पर आए दिन बंदरों का उत्पात बना रहता है। जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही सर्किल परिसर में गंदगी फैली रहने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सर्किल पर लाखों रुपये की लागत से लगाई गई लाइटें अभी तक चालू नहीं की गई हैं, जिससे रात के समय अंधेरा रहता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विवेकानंद सर्किल पर शीघ्र साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ताकि सार्वजनिक धन से बने इस सर्किल का उद्देश्य सार्थक हो सके।
निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और ठेकेदार द्वारा कार्य का समर्पण ग्राम पंचायत को नहीं किया गया है। कार्य पूर्ण होने के बाद आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी।
-मुरलीधर वैष्णव, ग्राम विकास अधिकारी

Comment List