भीषण गर्मी के बावजूद नहीं लगाई अस्थायी प्याऊ, 18 स्थानों को किया था चिन्हित
पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया
निगम आयुक्त के आदेश की 22 दिन बाद भी नहीं हुई पालना।
कोटा। शहर में एक तरफ तो भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं निगम आयुक्त द्वारा शहर में अस्थायी प्याऊ शुरु करने के 22 दिन पहले दिए आदेश की अभी तक भी पालना नहीं हुई है। नगर निगम आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने 28 अप्रैल को आदेश जारी किया था। जिसमें कहा था कि कोटा शहर में भीषण गर्मी व लू की स्थिति को देखते हुए राहगीरों व आमजन को राहत प्रदान करने के लिए नगर निगम क्षेत्राधिकार में अस्थायी प्याऊ(पेयजल केन्द्र) स्थापित किए जाने आवश्यक हैं। इसे देखते हुए शहर में 18 स्थानों को चिन्हित कर वहां अस्थायी प्याऊ शुरु करने के आदेश दिए थे। साथ ही जोन वाइज व्यवस्था करने के बाद इनके प्रभारी भी नियुक्त किए गए थे। लेकिन हालत यह है कि आयुक्त के आदेश व भीषण गर्मी के बावजूद भी बुधवार तक अधिकतर स्थानों पर प्याऊ शुरु नहीं हो सकी है।
इन स्थानों पर होनी थी प्याऊ शुरु
आयुक्त के आदेशानुसार शहर में 18 स्थानों पर प्याऊ शुरु की जानी थी। जिनमें जे.के. लोन हॉस्पिटल, एमबीएस हॉस्पिटल, अदालत परिसर, रेलवे स्टेशन भीमगंजमंडी थाना, प्राइवेट बस स्टैंड किशोर सागर तालाब, अग्रसेन चौराहा, सकतपुरा जहाज के पास, झालीपुरा फोरलेन के पास, घोड़े वाले बाबा चौराहा रावतभाटा बस स्टैंड, सीएडी चौराहा रावतभाटा बस स्टॉप के पास, चम्बल गार्डन के सामने, नयागांव हाइवेब्रिज के पास, कोटड़ी ब्रिज के नीचे अस्थायी आश्रय स्थल के स्थान पर, एरोड्राम चौराहा, सुधा हॉस्पिटल के पास, अनंतपुरा फ्लाई ओवर के नीचे, डीसीएम रोड पर पॉलिटेक् नीक कॉलेज के सामने व 80 फीट रोड बस स्टैंड के अंदर की तरफ ये प्याऊ शुरु की जानी है।
इधर पूर्व पार्षद सुरेन्द्र राठौर ने बताया कि उन्होंने 29 अप्रैल को निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर शहर में अस्थायी प्यारू शुरु करने की मांग की थी। उस समय आयुक्त ने कहा था कि उन्होंने क दिन पहले ही प्याऊ लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। राठौर ने बताया कि आयुक्त के आदेश के बाद भी अभी तक अधिकतर जगहों पर प्याऊ शुरु नहीं हो सकी है जबकि शहर में गर्मी भीषण पड़ रही है। जबकि कई समाजसेवी संस्थाओं व संगठनों की ओर से अपने स्तर पर पानी के कैम्पर रखवाए गए हैं। घोड़े वाले बाबा चौराहे पर पुलिस की गुमटी के पास पानी के कई कैम्पर रखे हुए हैं। लेकिन वहां आम आदमी पानी नहीं पी पा रहा है। इधर निगम अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर जगहों पर प्याऊ के लिए पानी के कैम्पर रखे जाएंगे। उनके लिए टेबल व टेंट लगाए गए हैं। जल्दी ही प्याऊ शुरु कर दी जाएंगी।

Comment List