मुस्लिम बहुल इलाकों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह, शाम 5 बजे तक लगी रहीं कतारें
जुमे की नमाज के बाद मतदान केंद्रों पर बढ़ी भीड़, घंटाघर वार्ड में 8 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
कोटा। नगर निगम कोटा के 100 वार्डों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान को लेकर शहरभर में उत्साह देखने को मिला। मुस्लिम बहुल इलाकों में भी मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा जोश नजर आया। शाम 5 बजे तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। घंटाघर, चश्मे की बावड़ी, हिरण बाजार और चंद्रघटा सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे। पुरुषों के साथ महिलाओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। अंजुमन इस्लामिया स्कूल, डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल सामुदायिक भवन समेत कई मतदान केंद्रों पर शाम के समय भी मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही।
जुमे की नमाज के बाद मतदान के लिए पहुंचे मतदाता
शुक्रवार को जुमे की नमाज होने के कारण दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ी। बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा करने के बाद मतदान केंद्रों का रुख किया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे कई केंद्रों पर शाम तक मतदान को लेकर उत्साह बना रहा।
घंटाघर वार्ड में 8 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
मुस्लिम बहुल इलाके घंटाघर में एक ही वार्ड से 8 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। मतदाताओं के रुझान को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही पुलिस अधिकारी और जवान लगातार क्षेत्र में गश्त करते नजर आए। संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।

Comment List