चंबल में छाई जलकुंभी, दुर्गंध से लोग परेशान
रियासतकालीन पुलिया के दोनों तरफ हालत खराब
कोटा। चम्बल नदी का काफी हिस्सा प्रदूषित हो रही है। वहीं नयापुरा स्थित रियासतकालीन पुलिया के दोनों तरफ नदी में बड़ी मात्रा में छायी जलकुम्भी से फेल रही दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।चम्बल नदी के दोनों किनारों पर करोड़ों रुपए की लागत से रिवर फ्रंट का निर्माण किया गया है। जिससे यहां पर्यटक आ सके। उस नदी में नयापुरा की तरफ रिवर फ्रंट के काफी बड़े हिस्से में चम्बल नदी में जलकुम्भी छायी हुई है। वह भी एक दो दिन में नहीं पिछले कई दिन से यही स्थिति बनी हुई है। शुरुआत में यह काफी कम थी। लेकिन धीरे-धीरे इसकी मात्रा बढ़ती गई। हालत यह है कि रियासतकालीन पुलिया के दोनों तरफ काफी बड़े हिस्सा जलकुम्भी से अटा हुआ है। जिससे रिवर फ्रंट पर घूमने आने वाले पर्यटकों के साथ ही पुलिया से गुजरने वाले वाहन चालकों और आस-पास रहने वालों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।इतना ही नहीं पुलिया के दोनों किनारों पर बड़ी मात्रा में कचरा भी जमा हुआ है। उस कचरे से भी दुर्गंध फेल रही है। जिससे दुर्गंध काफी अधिक होने से यह लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
एनिकट तक जलकुम्भी
चम्बल नदी में रिवर फ्रंट साइड पर केडीए की ओर से एनिकट भी बनाया हुआ है। जिससे अप स्टीम में पानी को रोका जा सके। इस एनिकट तक जलकुम्भी का आलम छाया हुआ है। जिससे रिवर फ्रंट पर घूमने आने वाले पर्यटकों को भी उसकी दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से नयापुरा की तरफ से आने वाले पर्यटकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नदी पार आने-जाने का रास्ता है छोटी पुलिया
कुन्हाड़ी निवासी मोहन सिंह ने बताया कि वे अक्सर छोटी पुलिया से ही आते-जाते हैं। यह सुगम और शॉर्ट कट रास्ता है। लेकिन यहां पुलिया के दोनों तरफ जलकुम्भी होने से दुर्गंध परेशानी का कारण बनी हुई है। नयापुरा निवासी महेश नायक का कहना है कि नदी पार जाने के लिए छोटी पुलिया बेहतर रास्ता है। लेकिन यहां कई दिन से छायी जलकुम्भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। इसके साथ ही कचरे का भी ढेर लगा हुआ है। जिससे दुर्गंध फेल रही है। संबंधित विभागों को इसे जल्दी साफ करवाना चाहिए वरना कई लोग बीमार भी हो सकते हैं।
बोटिंग बंद होने से नहीं पड़ रहा फर्क
केडीए की ओर से रिवर फ्रंट पर चम्बल नदी में बोटिंग करवाई जाती है। लेकिन बरसात के समय में बंद की गई बोटिंग फिलहाल अभी तक चालू नहीं हुई है। जिससे जलकुम्भी का अधिक असर नहीं दिख रहा है। केडीए अधिकारियों का कहना है कि जलकुुम्भी एनिकट तक ही है। जबकि बोटिंग उससे पहले तक ही होती है। इस कारण जलकुम्भी का बोटिंग से कोई संबंध नहीं है।
बैराज से नहीं हुई पानी की निकासी
केडीए अधिकारियों का कहना है कि इस बार मानसून के सीजन में अधिक बरसात नहीं हुई। जिससे इस बार बैराज के गेट खोलकर पानी की अधिक निकासी नहीं की गई। बैराज से अधिक पानी नहीं छोडऩे से जलकम्भी बहकर आगे नहीं जा सकी। इस कारण से वह जमा हो रही है। वरना पानी के बहा के साथ ही वह बह जाती है। इधर केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि वे इसकी जानकारी करके शीघ्र ही इसे साफ करवाने की व्यवस्था करेंगे। जिससे रिवर फ्रंट पर आने वालों और रियासत कालीन पुलिया से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

Comment List