दाम बढ़े : डीजल की मार अब जनता के सिर, निजी बसों में 40 किमी तक 10 रुपए बढ़े
ट्रैवल्स एसोसिएशन ने दिए लंबी दूरी में किराए बढ़ाने के संकेत
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के बाद निजी बसों और टैक्सियों ने किराए बढ़ा दिए। उदयपुर के आसपास 50-60 किमी दूरी पर बसों का किराया 10 रुपए तक बढ़ा, टैक्सियों में 15-20 रुपए प्रति किमी का नया दर लागू। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित और आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ा।
उदयपुर। पेट्रोल-डीजल के भावों में बीते दिनों हुई बढ़ोत्तरी से वाहनों से जुड़े सारे व्यवसाय प्रभावित होना शुरू हो गए हैं, तो इसका बोझ आम आदमी की जेब पर ही पड़ने वाला है। उदयपुर से आसपास 50-60 किलोमीटर के दायरे में संचालित निजी बसों का किराया 10 रुपए तक बढ़ा दिया गया है। जबकि, डीजल के भावों में बीते दिनों 3.91 रुपए की ही बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं, टैक्सी संचालकों ने भी दरों में बढ़ोत्तरी करते हुए 15-20 रुपए प्रति किलोमीटर का विकल्प उपलब्ध करवाया है तो लंबी दूरी के लिए उपयोग में आने वाली निजी बसों ने भी आगामी दिनों में किराए में बढ़ोत्तरी के संकेत दे दिए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को हो रही है। पहले ही प्रदेश स्तर पर उदयपुर में डीजल महंगा है और उसमें भी बढ़ोत्तरी तथा बल्क में डीजल उपलब्ध नहीं होना गंभीर समस्या बन गई है। उधर, इन ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी की संभावनाओं के चलते पेट्रोल पंप पर भीड़ उमड़ रही है तो यहां सीमित स्टॉक ही उपलब्ध होने से पंप को शट डाउन करना पड़ रहा है।
छोटी दूरी पर बढ़ा दिया किराया :
उदयपुर के आसपास करीब 50 से 60 किलोमीटर के दायरे में आ रहे गांवों में निजी बस सेवाओं का किराया बढ़ा दिया गया है। भले ही डीजल पर 3.91 रुपए बढ़े हो लेकिन किराया 10 रुपए तक बढ़ा दिया गया है। सीधा असर, श्रमिकों और डेली अप-डाउन करने वाले लोगों पर पड़ेगा। पहले जहां 45 किलोमीटर की दूरी के 35 रुपए होते थे, वहीं अब 45 रुपए देने होंगे। यानी, माह के 300 रुपए अधिक।
निजी ट्रेवल्स में बढ़ सकता है किराया :
ट्रेवल्स व्यवसाय से जुड़े पारस सिंघवी ने बताया कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि होगी तो संभवत: ट्रेवल्स एजेंसियां भी रेट में बढ़ोत्तरी को करेंगी ही। फिलहाल, दामों में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि आगामी दिनों में किराए में वृद्धि की पूरी संभावना है।
ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की परेशानी और बढ़ी :
ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े नरेंद्र सिंह पंवार कहते हैं कि इस व्यवसाय में पहले ही कंपीटिशन अधिक है। ऊपर से पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने से व्यवसाय करें या लाभ के साथ समझौता करें। वैसे ही प्रदेश स्तर पर उदयपुर में ईंधन की कीमतें अधिक है, जिससे पहले ही व्यापार करने में खासी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Comment List