कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 265 मौतें; राष्ट्रपति ने लगाया आर्थिक आपातकाल
स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा
मेक्सिको सिटी। कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्दो डे ला एस्प्रिएला ने शक्तिशाली भूकंप के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के लिए संवैधानिक आर्थिक आपातकाल घोषित किया है तथा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए विशेष कोष बनाने की घोषणा की है। एस्प्रिएला ने कैराकोल टेलीविजन चैनल पर प्रसारित बयान में कहा, मैंने इस संकट से उचित तरीके से निपटने के लिए संविधान में निर्धारित आर्थिक आपातकाल लागू करने का निर्णय लिया है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भूकंप से 53,526 मकानों को नुकसान पहुंचा है और 140 इमारतें पूरी तरह ढह गयी हैं। इसके अलावा 1,819 शैक्षणिक संस्थानों, 631 सामुदायिक केंद्रों और 179 स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है।
भूकंप में एक पैदल पुल नष्ट हो गया, जबकि 20 राजमार्ग पुलों और 203 सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 44 जलापूर्ति प्रणालियां और पांच हवाई अड्डे भी प्रभावित हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम प्रबंधन इकाई (यूएनजीआरडी) के प्रमुख डेविड तमायो ने कहा कि भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों को मजबूत करने के लिए अमेरिका, इजरायल, इक्वाडोर और अल साल्वाडोर से विशेष खोज एवं बचाव दल कोलंबिया भेजे जाएंगे।
तमायो ने कहा कि इन देशों से खोज एवं बचाव दलों की सहायता के लिए अनुरोध की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि इससे उन कोलंबियाई बचावकर्मियों को कुछ राहत मिलेगी, जो पिछले कई दिनों से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे हैं। फिलहाल कोलंबिया में 23 मान्यता प्राप्त खोज एवं बचाव दल तैनात हैं। इनमें से अधिकतर चोको और वाले डेल काउका प्रांतों तथा भूकंप से प्रभावित अन्य क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
कोलंबिया में 10 अगस्त की सुबह रिक्टर पैमाने पर 7.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र चोको प्रांत में था। भूकंप के झटके कोलंबिया के अधिकांश हिस्सों और पड़ोसी देशों में भी महसूस किए गए थे। राष्ट्रपति के अनुसार, भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 265 हो गयी है, जबकि 3,494 लोग घायल हुए हैं और 496 लोग अब भी लापता हैं।

Comment List