जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप : सुनामी की चेतावनी, तटीय इलाकों में अलर्ट; प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की
इवाते प्रीफेक्चर के पास आया जोरदार झटका
जापान के इवाते प्रान्त में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से दहशत फैल गई। प्रशासन ने 3 मीटर ऊँची सुनामी की चेतावनी जारी कर तटीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया है। टोक्यो तक महसूस किए गए झटकों के बाद बुलेट ट्रेनें रोक दी गई हैं और आपातकालीन टीमें तैनात हैं।
टोक्यो। जापान के होंशु द्वीप के पूर्वी तट पर रविवार को भूकंप आने के बाद सुनामी की लहरें देखी गयी हैं। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गयी। सीईएनसी द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया और इसका केंद्र 39.85 डिग्री उत्तरी अक्षांश तथा 143.10 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में इवाते और आओमोरी प्रांतों के तटों के पास सुनामी की लहरें देखी गई हैं। इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर ऊंची लहर दर्ज की गयी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आओमोरी और मियागी के प्रभावित प्रान्तों में स्थित परमाणु संयंत्रों में अब तक किसी भी प्रकार की सामान्यता की सूचना नहीं मिली है। फुकुशिमा दाइची तथा दाइनी परमाणु संयंत्रों में भी कोई असामान्यता देखने को नहीं मिली है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि यह भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शाम 4:53 बजे 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप का केंद्र 39.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 143.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से ऊंची जगहों पर जाने का आग्रह किया गया है।

Comment List