पाकिस्तान : बम धमाके में पुलिसकर्मियों सहित 9 लोगों की मौत, आतंकवादियों ने रिक्शा में छिपाकर रखी थी विस्फोटक सामग्री
ट्रैफिक पुलिस अधिकारी थे दोनों मृतक
लक्की मरवत की सराय नौरंग तहसील में मंगलवार को रिक्शे में छिपे विस्फोटकों से हुए धमाके में 2 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों की मौत, 33 घायल हो गए। कई दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हुए। गंभीर घायलों को बन्नू और पेशावर रेफर किया गया, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
लक्की मरवत। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले की सराय नौरंग तहसील में मंगलवार को एक विस्फोट में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी, जबकि 33 अन्य घायल हो गये। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सात लोगों की मौत और 23 लोगों के घायल होने की बात कही गयी थी। लक्की मरवत जिला पुलिस अधिकारी के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने मृत पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में की। अलग से जारी बयान में लक्की मरवत के उप महानिरीक्षक पुलिस सज्जाद खान ने भी पुष्टि की कि दोनों मृतक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी थे। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में भी यही जानकारी दी गयी।
बाद में लक्की मरवत के उपायुक्त हमीदुल्लाह खान ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आतंकवादियों ने एक रिक्शा में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी थी। टीएचक्यू अस्पताल की ओर से जारी घटना रिपोर्ट में नौ लोगों की मौत और 33 घायलों को अस्पताल लाये जाने की पुष्टि की गयी। रिपोर्ट के अनुसार गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बन्नू रेफर किया गया है। इस बीच, उपायुक्त ने सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय अस्पताल का दौरा कर घायलों के उपचार का जायजा लिया और प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को बन्नू और पेशावर के जिला मुख्यालय अस्पतालों में भेजा गया है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विस्फोट के कारण कई दुकानों और तीन पहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त होते देखा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौरंग सर्किल के उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाये गये। इससे पहले रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शादाब खान ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए बताया था कि एम्बुलेंस और बचाव दलों को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से बचाव एजेंसियों के साथ सहयोग करने और घटनास्थल से दूर रहने की अपील की।

Comment List