अमेरिका की चेतावनी : ईरानी एयरलाइंस का अंतरराष्ट्रीय संचालन पूरी तरह हो सकता है ठप, विदेशी कंपनियों को किया आगाह
ईरानी एयरलाइंस को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से प्रभावी रूप से किया जा सकता है बाहर
वाशिंगटन। अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ाने के संकेत दिए हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह दुनिया भर में ईरानी एयरलाइंस का अंतरराष्ट्रीय संचालन पूरी तरह ठप हो सकता है। अमेरिका ने विदेशी कंपनियों को भी आगाह किया है कि ईरानी विमानन कंपनियों को सेवाएं देने पर उन्हें सेकेंडरी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है। बेसेन्ट के अनुसार, प्रतिबंधों के दायरे में केवल एयरलाइंस ही नहीं, बल्कि उनके संचालन में मदद करने वाले हवाई अड्डे, ईंधन आपूर्तिकर्ता, टिकटिंग एजेंसियां और ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनियां भी आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि ईरानी विमानों को ईंधन, लैंडिंग सुविधाएं या टिकटिंग सेवाएं उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को अमेरिकी डॉलर आधारित अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से बाहर किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 23 सितंबर तक ईरानी एयरलाइंस को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से प्रभावी रूप से बाहर किया जा सकता है। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है। इस बीच, इराक ने ईरानी उड़ानों को निलंबित करने की तैयारी शुरू कर दी है। जॉर्जिया ने ईरानी विमानों के प्रवेश पर रोक लगाई है, जबकि महान एयर ने तुर्की के लिए सेवाएं रोक दी हैं। ईरान का विमानन क्षेत्र पहले से ही लंबे समय से प्रतिबंधों के कारण विमान, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव की कमी से जूझ रहा है।

Comment List