ईरान में शादी समारोह पर अमेरिकी हमला, बच्चे समेत पांच की मौत; उपराष्ट्रपति वेंस बोले- नागरिकों को निशाना नहीं बनाते
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में दर्ज कराया औपचारिक विरोध
वॉशिंगटन। ईरान के कुहेस्तक में एक विवाह समारोह पर हुए हमले की जांच के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिकी सेना का बचाव किया है। वेंस ने ह्वाइट हाउस में कहा, "अमेरिका युद्ध में कभी भी नागरिकों को निशाना नहीं बनाता है। हम ऐसा कभी नहीं करेंगे और न ही हमने कभी ऐसा किया है।" उन्होंने नागरिक मौतों को महज एक हादसे का रूप देते हुए कहा, "कभी-कभी ऐसी चीजें हो जाती हैं।"
रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला एक आवासीय घर पर किया गया था, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस हमले में चार वर्ष के एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गयी थी और बच्चों समेत 68 अन्य लोग घायल हो गये थे। अमेरिका ने यह हवाई हमला एक सितंबर को ईरानी समयानुसार रात करीब 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार रात करीब 11:30 बजे) किया था। ईरान ने इस हमले पर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में औपचारिक विरोध दर्ज कराया है और इसे युद्ध अपराध करार दिया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बघाई ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजरायली आक्रामकता के दौरान नागरिकों पर हुए अमेरिकी हमलों की एक व्यापक कड़ी का हिस्सा बताया। बघाई ने कहा, "ईरान के खिलाफ अमेरिकी अत्याचारों का सूचीपत्र अब पूरा हो चुका है।" उपराष्ट्रपति वेंस का यह दावा 28 फरवरी को मीनाब के शजरेह तय्येबेह विद्यालय पर हुए अमेरिकी हमले के कुछ महीनों बाद आया है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, उस विद्यालय पर हमले में 120 छात्रों और 26 शिक्षकों सहित 168 लोगों की जान चली गयी थी। बार-बार होती ऐसी 'गलतियां' एक दर्दनाक शृंखला को उजागर करती हैं।

Comment List