एक बाजार, नया भुगतान सिस्टम… आसियान किस बड़े बदलाव की तैयारी में?
लोगों के लिए खुलेगा डिजिटल भुगतान का रास्ता
डेपोक। दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) महासचिव काओ किम होर्न ने कहा है कि यह एक क्षेत्रीय संगठन के रूप में मिलकर काम करना चाहता है और आसियान देश 2027 में डिजिटल भुगतान की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। काओ ने बताया, मुझे नहीं लगता कि हमने कभी खुद को किसी एक देश के रूप में ढालने की कोशिश की है। हम लगभग 70 करोड़ की आबादी वाले 11 सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले क्षेत्रीय संगठन के रूप में मिलकर काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन यह तय करने की कोशिश कर रहा है कि एक साझा बाजार बनाने के अलावा वह और क्या कर सकता है।
काओ ने कहा, हम इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि वर्ष 2007 में तय किए गए आसियान चार्टर की परिकल्पना के अनुसार एक साझा बाजार और उत्पादन आधार तैयार करने के लिए हम मिलकर और क्या कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह दुनिया के अन्य देशों के साथ संगठन को किसी खास रैंकिंग या होड़ में नहीं रखना चाहते। काओ ने कहा, मुझे लगता है कि इस समय सामूहिक रूप से आंकड़े निश्चित तौर पर एक बहुत ही दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम दुनिया के अन्य देशों के साथ खुद को किसी खास व्यवस्था या रैंकिंग में शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आसियान देश 2027 में डिजिटल भुगतान की व्यवस्था अपनाना शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने स्पुतनिक को बताया, हमने आसियान डिजिटल अर्थव्यवस्था रूपरेखा समझौता (डीईएफए) पर बातचीत अभी पूरी की है, जिस पर इस वर्ष नवंबर में हस्ताक्षर होने हैं। हमें उम्मीद है कि अगले वर्ष तक इसकी पुष्टि हो जाएगी और उसके बाद इसे लागू करने का काम शुरू हो सकेगा। काओ ने कहा कि इस समझौते से लेन-देन में पारंपरिक नकदी या मुद्रा के इस्तेमाल से बचा जा सकेगा और उसकी जगह डिजिटल भुगतान का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि यही व्यवस्था भविष्य में आसियान की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार बनने जा रही है।

Comment List