अफगानिस्तान में कुदरत का कहर : मृतकों की संख्या बढ़कर 48 हुई, 73 लोग घायल, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
अफगानिस्तान में बाढ़ से हजारों परिवार प्रभावित और बेघर
अफगानिस्तान के 33 प्रांतों में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों घर जमींदोज हो गए हैं। आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे हजारों परिवार प्रभावित और बेघर हो गए हैं।
काबुल। अफगानिस्तान के कई प्रांतों में 25 मार्च से भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है और 73 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएनडीएमए)के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हम्माद ने कहा, "अब तक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण 48 लोगों की मौत हो चुकी है और 73 लोग घायल हुए हैं। पिछले 24 घंटों में छह लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं।"
प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बाढ़ ने 139 आवासीय भवनों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और 394 अन्य भवन आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। पिछले 24 घंटों में एक हजार से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अफगानिस्तान के परिवहन और विमानन मंत्रालय के मौसम विज्ञान महानिदेशालय ने घोषणा की है कि आने वाले दिनों में देश के 34 में से 33 प्रांतों में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका है।

Comment List