अमेरिका में एफ-35 लड़ाकू विमान क्रैश : आबादी पर कोई असर नहीं, पायलट सुरक्षित
मामूली चोटों के लिए इलाज दिया
अमेरिका के लास वेगास के उत्तर में मंगलवार को एफ-35 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नेलिस एयर फोर्स बेस का यह विमान नेवादा टेस्ट एंड ट्रेनिंग रेंज में गिरा। राहत की बात यह रही कि पायलट सुरक्षित है और उसे मामूली चोटें आई हैं। घटना से आबादी वाले क्षेत्रों पर कोई असर नहीं पड़ा।
वॉशिंगटन। अमेरिका में लास वेगास के उत्तर में एक एफ-35 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अमेरीकी वायु सेना की एक प्रवक्ता ने रिया नवोस्ती को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने कहा, मंगलवार को नेलिस एएफबी का एक एफ-35 विमान लास वेगास के उत्तर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना नेवादा के इंडियन स्प्रिंग्स से लगभग 25 मील उत्तर-पूर्व में, नेवादा टेस्ट एंड ट्रेनिंग रेंज के नियंत्रित हवाई क्षेत्र और प्रतिबंधित संघीय संपत्ति के भीतर हुई।
उन्होंने आगे कहा, आपातकालीन बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और आबादी वाले इलाकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। पायलट सुरक्षित है और उसे मामूली चोटों के लिए इलाज दिया जा रहा है। हमारे कर्मियों और समुदाय की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

Comment List