तिब्बत सीमा से लगे नेपाल में बाढ़ का कहर, 28 सुरक्षाकर्मी लापता; कई गांव और प्रोजेक्ट साइट्स तबाह
निचले क्षेत्रों को तुरंत खाली कराने के निर्देश
काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण बाढ़ ने कई गांवों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है। भोटे कोशी नदी में आई बाढ़ के बाद 28 सुरक्षाकर्मियों से संपर्क टूट गया है। इनमें 19 नेपाल पुलिस और नौ सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवान शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक स्याप्रुबेसी और तिमुरे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर गांवों और प्रोजेक्ट साइट्स के बहने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राहत और बचाव कार्यों के लिए पुलिस व सेना की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है। भोटे कोशी नदी तिब्बत से निकलकर नेपाल की त्रिशूली नदी में मिलती है।

Comment List