इजरायल ने दी ईरान पर आने वाले दिनों में संयुक्त हमले होने की धमकी, कहा ट्रंप और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में अभियान जारी रहेगा
इजरायल का कड़ा रुख: ईरान पर बढ़ेंगे हमले
इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने ईरान पर सैन्य हमलों को और तेज करने का ऐलान किया है। डोनाल्ड ट्रंप के अभियान में कटौती के संकेतों के बावजूद, काट्ज़ ने स्पष्ट किया कि इजरायली सेना के पास ईरान में हजारों लक्ष्य हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में सभी युद्ध उद्देश्यों की प्राप्ति तक यह अभियान जारी रहेगा।
तेल अवीव। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने शनिवार को कहा कि ईरान पर संयुक्त हमले आने वाले दिनों में 'काफी बढ़ेंगे', हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरी तरफ सैन्य अभियान में कटौती के संकेत भी दिये हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, एक सुरक्षा मूल्यांकन के दौरान, काट्ज़ ने कहा कि ईरान और उसके बुनियादी ढांचे के खिलाफ इजरायली रक्षा बलों और अमेरिकी सेना के हमलों की तीव्रता इस सप्ताह बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में अभियान जारी रहेगा।"
इजरायली सेना ने संकेत दिया है कि उसके पास अभी भी ईरान में 'हजारों' लक्ष्य हैं तथा वह कई और हफ्तों के संचालन के लिए तैयारी कर रही है। सीएनएन ने काट्ज़ के हवाले से कहा, "जब तक सभी युद्ध उद्देश्य प्राप्त नहीं हो जाते, हम नहीं रुकेंगे।" ये टिप्पणियां ट्रंप द्वारा यह कहे जाने के एक दिन बाद आई हैं कि अमेरिका अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने के 'बहुत करीब' है और पश्चिमी एशिया में सैन्य प्रयासों को 'कम करने' पर विचार कर रहा है।

Comment List