"सोमालीलैंड में इजरायली ठिकाना बना तो..."हूती नेताओं ने दी इजरायल को चेतावनी, जानें पूरा मामला
सोमालीलैंड में इजरायली मौजूदगी पर हमला
यमन के हूती विद्रोही समूह ने सोमालीलैंड में इजरायल की किसी भी सैन्य उपस्थिति के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। कमांडर अब्दुलमलिक अल-हूती ने इसे यमन और अरब जगत के लिए खतरा बताते हुए सैन्य लक्ष्य मानने की घोषणा की है। इजरायल द्वारा सोमालीलैंड को मान्यता देने से लाल सागर क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
सना। यमन के हूती विद्रोही समूह ने इजरायल और सोमालीलैंड के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर सोमालीलैंड की धरती पर इजरायल अपनी कोई भी उपस्थिति दर्ज कराता है, तो उसे हूती सेना का सैन्य लक्ष्य माना जाएगा।
हूती कमांडर अब्दुलमलिक अल-हूती ने रविवार को स्पष्ट किया कि सोमालीलैंड को इजरायल की दी गई मान्यता न केवल सोमालिया की संप्रभुता का उल्लंघन है, बल्कि यह यमन और पूरे अरब जगत की सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। उसने आरोप लगाया कि इजरायल इस क्षेत्र का उपयोग अफ्रीकी देशों और यमन के खिलाफ शत्रुतापूर्ण गतिविधियों के लिए एक लॉन्च पैड के रूप में करना चाहता है।
हूती कमांडर ने सोमालिया के लोगों के प्रति एकजुटता जाहिर करते हुए कहा कि उनका समूह सोमालिया की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उसने मुस्लिम और अरब देशों से अपील की कि वे इजरायल के इस विस्तारवाद के खिलाफ एकजुट होकर कड़ा रुख अपनाएं।
हाल ही में, इजरायल द्वारा सोमालीलैंड को मान्यता दिए जाने के फैसले का कई मुस्लिम देशों ने विरोध किया है। एक संयुक्त बयान में कई अरब देशों ने सोमालिया की अखंडता और संप्रभुता का समर्थन करते हुए इजरायल के कदम की निंदा की। विशेषज्ञों का मानना है कि, इस विवाद से लाल सागर और 'हॉर्न ऑफ अफ्रीका' क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव और गहरा सकता है।

Comment List