एम्सटर्डम में यहूदी स्कूल पर हमला, कोई हताहत नहीं
यूरोप और अमेरिका में हिंसा की लहर
नीदरलैंड्स के एम्सटर्डम में एक यहूदी स्कूल में भीषण विस्फोट हुआ, जिससे भारी नुकसान पहुँचा है। डच प्रधानमंत्री और मेयर ने इसे यहूदी-विरोध करार देते हुए निंदा की। बेल्जियम और अमेरिका के मिशिगन में भी सिनेगॉगों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के बाद वैश्विक स्तर पर यहूदी संस्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
हेग। नीदरलैंड्स की राजधानी एम्सटर्डम में शुक्रवार देर रात एक यहूदी स्कूल में विस्फोट हुआ जिससे स्कूल की बाहरी दीवार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के समय कोई भी वहां मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। डच प्रधान मंत्री रॉब जेटन ने भी इस हमले को भयानक बताया और स्पष्ट किया कि नीदरलैंड्स में यहूदी-विरोध के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति विस्फोटक उपकरण रखते हुए दिखाई दे रहा है। इस मामले में बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी गई है।
एम्सटर्डम की मेयर फेमके हल्सेमा ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे यहूदी समुदाय के खिलाफ कायरतापूर्ण आक्रमण करार दिया है। मेयर ने कहा कि समुदाय में व्याप्त डर और गुस्सा जायज है क्योंकि वे लगातार बढ़ते यहूदी-विरोध का सामना कर रहे हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यह घटना रॉटरडैम में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) पर शुक्रवार को हुई आगजनी की कोशिश के ीक बाद हुई है, जिसके बाद से पूरे देश में यहूदी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रॉटरडैम पुलिस ने सिनेगॉग के बाहर विस्फोट करने और आग लगाने के संदेह में चार युवाओं को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि क्या ये संदिग्ध अन्य सिनेगॉगों को भी निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इसी तरह की हिंसा की खबरें बेल्जियम से भी आई हैं, जहाँ लीज शहर में एक सिनेगॉग को विस्फोट से नुकसान पहुँचाया गया। बेल्जियम के अधिकारियों को एक वीडियो मिला है जिसमें एक कट्टरपंथी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। यूरोप के बाहर, अमेरिका के मिशिगन (डेट्रॉइट) में भी एक गंभीर हमला देखा गया, जहां एक हमलावर ने अपनी कार सिनेगॉग से टकरा दी, जिससे वहां आग लग गई। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया।

Comment List