BRICS समिट में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे जिनपिंग, मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक
करीब 7 साल बाद आए भारत
नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग BRICS समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंच गए। उनका विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा, जहां रेड कार्पेट बिछाकर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने एयरपोर्ट पर शी जिनपिंग की अगवानी की। भारत दौरे के दौरान शी जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। माना जा रहा है कि बातचीत में भारत-चीन संबंधों, सीमा से जुड़े मुद्दों, व्यापार और क्षेत्रीय व वैश्विक परिस्थितियों समेत कई अहम विषयों पर चर्चा हो सकती है। गलवान संघर्ष के बाद यह शी जिनपिंग की पहली भारत यात्रा है। वे करीब सात साल बाद भारत आए हैं।
इस बीच, भारत में चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने दोनों देशों के संबंध मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि चीन दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों द्वारा तय किए गए फ्रेमवर्क के तहत आगे बढ़ना चाहता है। वहीं, शी के दौरे के बीच भारत-चीन कनेक्टिविटी को लेकर भी अच्छी खबर सामने आई है। चाइना सदर्न एयरलाइंस ने ग्वांगझू और नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें फिर शुरू करने की घोषणा की है। करीब छह साल बाद यह एयर कनेक्टिविटी बहाल होगी। ब्रिक्स वैश्विक दक्षिण की आवाज और प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग का अहम मंच बन चुका है।

Comment List