ह्वाइट हाउस में गोलीबारी की घटना की मोदी समेत दुनिया भर के नेताओं ने की निंदा : लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा का कोई स्थान नहीं, कहा- अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की
राष्ट्राध्यक्षों ने हमले को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रहार बताया
कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी से दुनिया स्तब्ध रह गई। पीएम मोदी समेत कई वैश्विक नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा की और ट्रंप व उपराष्ट्रपति जेडी वांस के सुरक्षित होने पर राहत जताई। सभी ने एक स्वर में कहा—लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं, यह प्रेस और संस्थाओं पर सीधा हमला है।
नई दिल्ली। वॉशिंगटन डीसी में आयोजित ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (डब्लूएचसीए) के रात्रिभोज में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले पर गहरा दुख जताते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वांस की सुरक्षा पर राहत व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर कह कि गोलीबारी के बाद यह जानकर राहत मिली कि ट्रंप और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और सकुशल हैं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और ऐसी घटनाओं की बिना संकोच निंदा की जानी चाहिए। मोदी के साथ-साथ दुनिया के अन्य प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भी इस हमले को लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रहार बताया है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कार्यक्रम में हिंसा पर स्तब्धता व्यक्त की और हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, लोकतांत्रिक संस्थाओं या प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी हमले की निंदा की जानी चाहिए। वहीं अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत क्रिश्चियन टर्नर ने कहा कि ब्रिटिश दूतावास के कुछ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने त्वरित कार्रवाई के लिए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा, मुझे यह सुनकर खुशी हुई कि राष्ट्रपति के साथ-साथ ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में शामिल सभी लोग सुरक्षित हैं।
नाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उन्हें राहत है कि राष्ट्रपति, प्रथम महिला और सभी मेहमान सुरक्षित हैं। कार्नी ने आगे कहा, किसी भी लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा का कोई स्थान नहीं है, और मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जो इस परेशान करने वाली घटना से दहल गये हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने पुलिस व बचाव दल को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, राजनीति में हिंसा का कभी कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
ट्रंप के साथ तीव्र मतभेद रखने वाले स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी इस घटना की आलोचना करते हुए ट्रम्प के सुरक्षा को लेकर राहत की सांस ली। उन्होंने कहा, हम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ हुए हमले की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा, हिंसा कभी भी सही रास्ता नहीं हो सकती। मानवता केवल लोकतंत्र, सह-अस्तित्व और शांति के माध्यम से ही आगे बढ़ेगी। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबॉम ने ट्रंप के सुरक्षित होने पर राहत व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा, हम उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हैं। हिंसा कभी भी रास्ता नहीं होनी चाहिए।
इस घटना पर इजरायली अधिकारियों ने भी तुरंत अमेरिकी नेताओं के साथ एकजुटता व्यक्त की और हमले की निंदा की। विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा, इजरायल अमेरिका और ट्रंप के साथ खड़े है। उन्होंने कहा, हम गोलीबारी की इस घटना की निंदा करते हैं।

Comment List