पुतिन ने ट्रंप को दी अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, यूक्रेन युद्ध पर भी हुई चर्चा
सैन्य हालात पर पुतिन ने दी जानकारी
माॅस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने यह जानकारी दी है। उशाकोव ने बताया कि अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप को बधाई दी। इस वर्ष दोनों नेताओं के बीच यह चौथी बातचीत थी। यह केवल औपचारिक शिष्टाचार वार्ता नहीं थी, बल्कि इस दौरान द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर गंभीर एवं रचनात्मक चर्चा हुई।
उशाकोव के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन ने बातचीत के दौरान यूक्रेन संघर्ष के मोर्चे की मौजूदा स्थिति से ट्रंप को अवगत कराया और कहा कि रूसी सेना पूरे संपर्क क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यूक्रेन संघर्ष की स्थिति और जमीनी हालात को लेकर यूरोपीय देशों की धारणा वास्तविकता से मेल नहीं खाती है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में सैन्य-राजनीतिक तथा आर्थिक क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर नियमित संवाद बनाए रखने के महत्व पर बल दिया। उशाकोव के अनुसार ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष का शीघ्र समाधान दोनों देशों के बीच संभावित पारस्परिक लाभकारी सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Comment List