ट्रंप के साथ नई बैठक के लिए तैयार है पुतिन, शांतिपूर्ण बातचीत करने के लिए रूस तैयार
जेलेंस्की चाहें तो मास्को आ सकते हैं
मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच नई बैठक के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, अब तक किसी भी उच्च-स्तरीय बैठक के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है। अगर रूस और अमेरिका के बीच बैठक की बात करें तो राष्ट्रपति इसके लिए तैयार हैं। वास्तव में, राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति ट्रंप अपनी टेलीफोन पर बातचीत में हमेशा इस बात को दोहराते हैं कि जरूरत पडऩे पर वे भविष्य में एक और बैठक करने के लिए तैयार हैं। पेस्कोव ने कहा कि पुतिन, ट्रंप के साथ एक नई बैठक करने के लिए तैयार हैं।
पेस्कोव ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की मुलाक़ात के बारे कहा, हमारा रुख साफ़ है कि पुतिन ने कहा कि अगर जेलेंस्की चाहें तो मास्को आ सकते हैं। उन्हें जरूरी सुरक्षा गारंटी दी जाएगी। और उन्हें अच्छी तरह पता है कि क्या फ़ैसले लेने की जरूरत है। रूसी अधिकारी ने कहा कि साथ ही, विशेषज्ञ स्तर पर काम किए बिना पुतिन और जेलेंस्की के बीच बैठक करना अव्यावहारिक है और इससे समय की बर्बादी होगी।
पेस्कोव ने कहा, यूक्रेन सरकार अपनी आतंकवादी गतिविधियां जारी रखे हुए है इसलिए अभी बातचीत के शांतिपूर्ण रास्ते पर आगे बढऩे के लिए कोई आधार नहीं है। हालांकि रूस शांतिपूर्ण बातचीत करने के लिए तैयार हैं। पेस्कोव ने कहा कि यूक्रेन का सैन्यीकरण जारी है क्योंकि यूरोपीय देश हथियार खरीदने के लिए नए फंड की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन का नेतृत्व रूस-विरोधी भावनाएं भड़काने में लगा है और जर्मनी, फ्रांस तथा कई अन्य यूरोपीय देशों में भी एक साथ यही किया जा रहा है।
इस सप्ताह की शुरुआत में, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बरनहम ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान कहा कि ब्रिटेन दूसरे देशों से होने वाले दुश्मनी भरे हमलों की जहरीली लहर को रोकने के लिए एक केंद्र बनाएगा और उन्होंने रूस पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। पेस्कोव ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के बयानों पर टिप्पणी करते हुए पत्रकारों से कहा, ब्रिटेन रूस विरोधी भावनाएं भड़का रहा है और रूस-विरोधी माहौल बनाए हुए है। और अब शायद जर्मनी, फ्रांस और कई अन्य यूरोपीय देश भी ब्रिटेन के साथ मिलकर ऐसा ही कर रहे हैं। पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा, हम सीरियाई पक्ष के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। जिस तरह से बातचीत हो रही है उससे हम संतुष्ट हैं। रूसी अधिकारी ने कहा कि मॉस्को को उम्मीद है कि सीरिया के साथ बातचीत में सबसे मुश्किल मुद्दों पर भी आपसी समझ बनाना मुमकिन होगा।

Comment List