कतर के विदेश मंत्रालय ने रास लाफान ऊर्जा केंद्र पर मिसाइल हमले की निंदा की, बताया संप्रभुता एवं अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
कतर-ईरान तनाव: रास लाफान हमले के बाद राजनयिकों का निष्कासन
कतर ने रास लाफान ऊर्जा केंद्र पर मिसाइल हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। जवाबी कार्रवाई में कतर ने ईरानी राजनयिकों को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। विश्व के सबसे बड़े एलएनजी टर्मिनल पर हुए इस हमले से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट मंडरा रहा है।
दोहा। कतर के विदेश मंत्रालय ने रास लाफान औद्योगिक शहर पर हुए हमलों की निंदा करते हुए इस हमले को संप्रभुता का उल्लंघन बताया है और चेतावनी दी कि उसके पास जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित है। रस लाफान कतर का प्रमुख एलएनजी उत्पादन केंद्र है, जहां गैस प्रसंस्करण, शोधन एवं बिजली उत्पादन की प्रमुख सुविधाएं स्थित हैं। इसका बंदरगाह विश्व के सबसे बड़े औद्योगिक ऊर्जा परिसरों में से एक है और दुनिया का सबसे बड़ा एलएनजी निर्यात टर्मिनल शामिल है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि उसने ईरानी सैन्य और सुरक्षा अताशों के साथ-साथ दूतावास के कर्मचारियों को अवांछित घोषित किया है और उनसे 24 घंटे के भीतर देश छोडऩे का अनुरोध किया है।
मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय कतर को निशाना बनाकर किए गए ईरानी हमलों के मद्देनजर लिया गया है जो कि कतर की संप्रभुता एवं अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो और भी कदम उठाए जा सकते हैं।

Comment List