ट्रंप का दावा : ईरान के साथ सैन्य संघर्ष, द्वितीय विश्व युद्ध और वियतनाम युद्ध जैसे ऐतिहासिक युद्धों की तुलना में काफी छोटा, साझा किया चार्ट- ईरान एक्सकर्शन दिया नाम
संघर्ष अविश्वसनीय रूप से सफल, बहुत जल्द होगा समाप्त
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संघर्ष को “बेहद सफल” बताते हुए सोशल मीडिया पर इसकी तुलना द्वितीय विश्व युद्ध और वियतनाम युद्ध से की। ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध जल्द खत्म होगा, लेकिन समझौता न होने पर बड़े हमलों की चेतावनी दी। दूसरी ओर, बढ़ती ईंधन कीमतों और युद्ध नीति को लेकर अमेरिका में उनकी लोकप्रियता तेजी से गिर रही है।
न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक चार्ट साझा करते हुए दावा किया है कि ईरान के साथ जारी सैन्य संघर्ष, द्वितीय विश्व युद्ध और वियतनाम युद्ध जैसे ऐतिहासिक युद्धों की तुलना में काफी छोटा रहा है। ट्रंप द्वारा ट्रूथ सोशल पर साझा किए गए ग्राफिक में इस संघर्ष को ईरान अभियान (ईरान एक्सकर्शन) का नाम दिया गया है और इसके छह सप्ताह से जारी होने का दावा किया गया है। हालांकि, आंकड़ों के अनुसार ईरान के साथ यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त मिसाइल हमलों के बाद शुरू हुआ था, जिसे अब 9 सप्ताह से अधिक का समय हो चुका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस संघर्ष को अविश्वसनीय रूप से सफल बताते हुए कहा है कि यह बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ईरान शांति समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो वे और भी बड़े स्तर के हमले के आदेश दे सकते हैं। ट्रंप के इस चार्ट में अफगानिस्तान युद्ध (543 सप्ताह), इराक युद्ध (457 सप्ताह) और वियतनाम युद्ध (439 सप्ताह) की तुलना में ईरान संघर्ष की कम अवधि पर गर्व जताया गया है। गौरतलब है कि हफ्तों तक चली बमबारी के बाद 7 अप्रैल को संघर्ष विराम की घोषणा की गई थी, लेकिन हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव अब भी बरकरार है।
युद्ध के कारण अमेरिका में ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे ट्रंप की लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है। हाल के सर्वेक्षणों के अनुसार, 66 प्रतिशत अमेरिकियों ने ईरान युद्ध को संभालने के ट्रंप के तरीके पर असंतोष जताया है। दूसरी ओर ट्रंप ने दावा किया है कि युद्ध समाप्त होते ही तेल की कीमतें तेजी से नीचे गिरेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि समझौता नहीं होता है, तो बमबारी दोबारा शुरू होगी और इसकी तीव्रता पहले से कहीं अधिक होगी।

Comment List