शी जिनपिंग 10 साल बाद पहुंचे अमेरिका : प्रोटोकॉल तोड़ एयरपोर्ट पर स्वागत करने पहुंचे ट्रंप, रेड कार्पेट पर दिया औपचारिक सम्मान
ईरान जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना
वॉशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अमेरिका पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोटोकॉल से हटकर उनका व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया। ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट पहुंचे और रेड कार्पेट पर शी जिनपिंग को औपचारिक सम्मान दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति का किसी विदेशी नेता के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचना सामान्य परंपरा नहीं है। शी की यह एक दशक से अधिक समय बाद अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा है।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे वक्त हो रही है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक और रणनीतिक मामलों को लेकर तनाव बना हुआ है। बातचीत में व्यापार के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ताइवान और ईरान जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। ट्रंप के एयरपोर्ट पहुंचकर शी का स्वागत करने को उनकी पिछली चीन यात्रा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मई में चीन दौरे के दौरान ट्रंप का भव्य स्वागत हुआ था। ट्रंप पहले भी शी के साथ अपने रिश्तों को सकारात्मक बताते रहे हैं।

Comment List