उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया, इसलिए नीतीश ने एनडीए से नाता तोड़ा- सुशील मोदी
कहा भाजपा इसके लिए तैयार नहीं थी
भाजपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार के राजग से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ जाने का यह एक प्रमुख कारण रहा। नीतीश कुमार ने राजग से नाता तोडऩे के दौरान कई सफेद झूठ बोले हैं।
पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को कहा कि नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से नाता तोडऩे का मूल कारण उन्हें उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाना है।
मोदी ने बुधवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में खुलासा किया कि नीतीश कुमार ने बिहार राजग से नाता तोडऩे का जो निर्णय लिया है उसके पीछे मूल कारण था कि वह खुद को देश का उप राष्ट्रपति बनाना चाहते थे लेकिन भाजपा इसके लिए तैयार नहीं थी। नीतीश कुमार के निकटस्थ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेताओं ने हाल ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से नीतीश कुमार को उप राष्ट्रपति बनाने की बात कही थी। हालांकि बीजेपी ने इस पर विचार नहीं किया।
भाजपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार के राजग से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ जाने का यह एक प्रमुख कारण रहा। नीतीश कुमार ने राजग से नाता तोडऩे के दौरान कई सफेद झूठ बोले हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का कहना है कि बिना उनकी सहमति के आरसीपी सिंह को नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया जो सरासर झूठ है।
Comment List