स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद लाभकारी माह-ए-रमजान

हर वर्ष मुख्य रूप से मनाई जाती हैं दो ईदें

स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद लाभकारी माह-ए-रमजान

हर वर्ष मुख्य रूप से दो ईदें मनाई जाती हैं। एक ईद-उल-फितर और दूसरी ईद-उल-जुहा। इसमें ईद-उल-फितर मुसलमानों का सबसे अधिक लोकप्रिय त्योहार है।

ईद का पर्व खुशियों का पर्व है। वैसे तो यह मुख्य रूप से इस्लाम धर्म का त्योहार है, परंतु आज इस त्योहार को लगभग सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर मनाते हैं। हर वर्ष मुख्य रूप से दो ईदें मनाई जाती हैं। एक ईद-उल-फितर और दूसरी ईद-उल-जुहा। इसमें ईद-उल-फितर मुसलमानों का सबसे अधिक लोकप्रिय त्योहार है। ईद-उल-फितर इस्लामी कैलेण्डर के दसवें महीने शव्वाल के पहले दिन मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि इस्लामी कैलेंडर के सभी महीनों की तरह यह भी नए चांद के दिखने पर शुरू होता है। ईद-उल-फितर से ठीक एक माह पहले रमजान का महीना शुरू होता है। रमजान के पूरे महीने में मुसलमान रोजे यानी उपवास रखते हैं। रोजा सुबह होने से थोड़ी देर पहले आरंभ होता है और सूरज डूबने तक जारी रहता है। इस बीच खाना-पीना और विलास के सब साधन वर्जित होते हैं। रोजे की हालत में न तो कुछ खा सकते हैं न ही कुछ पी सकते हैं। यहां तक कि पानी और दवा भी नहीं ले सकते। दरअसल, रमजान का पुरा महीना एक त्योहार की भांति मनाया जाता है। बल्कि यूं कहिए कि यह महीना स्वयं एक त्योहार है। मुसलमानों में इस महीने का बड़ी उत्सुकता से इंतजार किया जाता है। जैसा कि रमजान के अंत में ईद-उल-फितर मनाने का अवसर मिलता है। यह त्योहार मूल रूप से भाईचारे को बढ़ावा देने वाला त्योहार है। इस त्योहार को सभी आपस में मिलकर मनाते हैं और खुदा से सुख और शांति के लिए दुआएं मांगते हैं। पूरे विश्व में ईद का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इस त्योहार का सबसे महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ सैवैया है, जिसे बड़े चाव से खाया जाता हैं।

गौरतलब है कि इस्लाम धर्म के पांच मूल स्तंभ या फर्ज माने गए हैं, जो हर एक मुसलमान की अपनी जिंदगी का मूल विचार होता है। इन पांच फर्ज में एक फर्ज है रमजान के महीने में रोजा रखना। इस्लामी कैलेंडर के नवें माह में सभी सक्षम मुसलमानों के लिए रोजा रखना अनिवार्य माना गया है। दौड़-भाग और खुदगर्जी भरी जिन्दगी के बीच इंसान को अपने भीतर झांकने और सभी बुराइयों पर लगाम लगाने की मुश्किल कवायद रोजेदार को अल्लाह के करीब पहुंचा देती है। इस माह में रोजेदार अल्लाह के नजदीक आने की कोशिश के लिए भूख-प्यास समेत तमाम इच्छाओं को रोकता है। इसके बदले में अल्लाह अपने उस इबादत गुलजार रोजेदार बंदे को अपनी रहमतों और बरकतों से नवाजता है। खुद को खुदा की राह में समर्पित कर देने का प्रतीक पाक महीना माह-ए- रमजान न केवल रहमतों और बरकतों की बारिश का वकफा है, बल्कि समूची मानव जाति को प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी देता है। रमजान का यह महीना तमाम इंसानों के दुख-दर्द और भूख-प्यास को समझने का महीना है, ताकि रोजेदारों में भले-बुरे को समझने की सलाहियत पैदा हो। वैसे रोजे रखने के दो प्रमुख उद्देश्य हैं-दुनिया के बाकी आकर्षणों से ध्यान हटाकर अल्लाह (ईश्वर) से निकटता अनुभव की जाए और दूसरा यह कि निर्धनों, भिखारियों और भूखों की समस्याओं और परेशानियों का ज्ञान हो। ऐसे में मौजूदा हालात में रमजान का संदेश और भी प्रासंगिक हो गया है।

रमजान माह की मुख्य खूबियों की बात करें तो महीने भर के रोजे (उपवास) रखना, रात में तरावीह की नमाज पढ़ना, कुरान तिलावत (पारायण) करना, एतेकाफ बैठना यानी गांव और लोगों की अभ्युन्नती व कल्याण के लिए अल्लाह से दुआ (प्रार्थना) करते हुए मौन व्रत रखना और जकात देना शामिल है। रमजान में रोजा-नमाज और कुरआन की तिलावत (कुरआन पढ़ने) के साथ जकात और फितरा (दान या चैरिटी) देने का बहुत महत्व है। इस्लाम धर्म के मुताबिक पांच मूल स्तंभों में से जकात एक माना जाता है। हर मुसलमान को अपने धन में से जकात की अदायगी जरूरी है। यह दान धर्म नहीं बल्कि धार्मिक कर या टैक्स माना जाता है और फर्ज भी है। शरीयत में जकात उस माल को कहते हैं जिसे इंसान अल्लाह के दिए हुए माल में से उसके हकदारों के लिए निकालता है। इस्लाम की शरीयत के मुताबिक, हर एक समर्पित मुसलमान को साल (चन्द्र वर्ष) में अपनी आमदनी का 2.5 फीसदी हिस्सा गरीबों को दान में देना चाहिए। इस दान को जकात कहते हैं। इस बीच बड़ा सवाल आखिर किस-किस पर जकात देने का फर्ज हैं। अगर परिवार में पांच सदस्य हैं और वे सभी नौकरी या किसी भी जरिए पैसा कमाते हैं तो परिवार के सभी सदस्यों पर जकात देना फर्ज माना जाता है। मसलन, अगर कोई बेटा या बेटी भी नौकरी या कारोबार के जरिए पैसा कमाते हैं, तो सिर्फ  उनके मां-बाप अपनी कमाई पर जकात देकर नहीं बच सकते हैं, बल्कि कमाने वाले बेटे या बेटी पर भी जकात देना फर्ज होता है। उल्लेखनीय है कि जकात के बारे में पैगंबर मुहम्मद साहब ने फरमाया है कि जो लोग रमजान के महीने में जकात नहीं देते हैं, उनके रोजे और इबादत कुबूल नहीं होती है। वहीं अगर बात करें फितरे की तो फितरा वो रकम होती है जो खाते-पीते, साधन सम्पन्न घरानों के लोग आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को देते हैं। ईद की नमाज से पहले इसका अदा करना जरूरी होता है। इस तरह अमीर के साथ ही गरीब की साधन सम्पन्न के साथ ईद भी मन जाती है।      

-अली खान

Read More झुलसती संवेदनाएं और नाकाम होती व्यवस्था

 

Read More एआई के लाभ-हानि से बदलती जीवन रेखा

Post Comment

Comment List

Latest News

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, दिल्ली में अब केवल बीएस-4 और उससे ऊपर के मानक वाले वाहन ही चल सकेंगे सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, दिल्ली में अब केवल बीएस-4 और उससे ऊपर के मानक वाले वाहन ही चल सकेंगे
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में केवल बीएस-4 या उससे ऊपर मानक वाले वाहन ही चल सकेंगे। बीएस-3...
भारत–अर्जेंटीना कृषि सहयोग को नई मजबूती, कार्य योजना 2025-2027 पर किये हस्ताक्षर
मोदी के नेतृत्व एवं भजनलाल की मेहनत से राजस्थान कर रहा है विकास के नए आयाम स्थापित:​ डिप्टी सीएम दियाकुमारी
रेलयात्री कृपया ध्यान दें...लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा एलान, ज्यादा सामान ले जाने पर देना होगा इतना शुल्क, जानें पूरा मामला
बुकिंग शुरू होते ही टाटा सिएरा ने बाज़ार में मचाया तहलका: पहले ही दिन 70,000 से ज्यादा ऑर्डर कन्फर्म
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु वेल्लोर दौरे पर, श्रीपुरम स्वर्ण मंदिर में किए दर्शन
गुणवत्ता में  5 दवाएं, एक मेडिकल प्रोडक्ट फैल, बेचने पर रोक लगाई