वृंदावन में हादसा : यमुना में स्टीमर पलटने से 10 पर्यटकों की मौत, राहत कार्य में मदद के लिए सेना पहुंची
सभी पंजाब के रहने वाले
वृंदावन में यमुना नदी पर पर्यटकों से भरा स्टीमर पलटने से 10 लोगों की मौत, 7 महिलाएं शामिल। Vrindavan के केसी घाट पर हादसा तेज हवा और ओवरलोडिंग के कारण। NDRF, एसडीआरएफ व सेना राहत कार्य में जुटी, कई लोगों को बचाया।
मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। इस हादसे में दस पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में सात महिलाएं और तीन पुरुष हैं। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इसकी पुष्टि की है। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। पुलिस ने बताया कि हादसा दोपहर पौने तीन बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान मौके पर बचाव और राहत कार्य में लगे हैं जिनकी मदद स्थानीय पुलिस और 50 गोताखोर कर रहे हैं। राहत कार्य में मदद के लिए सेना भी पहुंची है। गोताखोर गुलाब ने बताया कि डूबे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
तेज हवा से स्टीमर डगमगाया, पीपा पुल से टकराया :
एक पीड़ित पर्यटक ने बताया कि हम सभी जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
क्षमता से ज्यादा लोग थे सवार :
हादसे के बाद नाविक फरार हो गया। स्टीमर में 15 लोगों को बैठाने की क्षमता थी लेकिन नाविक ने 25 से 30 लोगों को बिठा लिया। इतना ही नहीं किसी भी व्यक्ति ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।

Comment List