अखिलेश यादव का संजय निषाद पर तीखा हमला, बोलें- ये पश्चाताप के आंसू हैं या प्रायश्चित के, वायरल वीडियो से बढ़ा सियासी पारा
यूपी की सियासत: संजय निषाद के 'आंसू' और अखिलेश का 'पीडीए' वार
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के भावुक वीडियो ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। अखिलेश यादव ने इसे 'सत्ता के साथ जाने का पश्चाताप' बताते हुए PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति से जोड़ा है। सपा प्रमुख ने तंज कसा कि गठबंधन के साथियों में अब बिखराव और पीड़ा बढ़ रही है, जिसे निषाद पार्टी ने केवल एक भावुक क्षण करार दिया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक वायरल वीडियो ने सियासी हलचल तेज कर दी है। एक दिन पूर्व निषाद पार्टी की तरफ से गोरखपुर में आयोजित जनसभा के बाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया में आने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए लिखा, ये राज्य सरकार के साथ जाने पर पश्चाताप के आंसू हैं या प्रायश्चित के उन्होंने इसे पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि पीड़ा बढ़ रही है, पीड़ित बढ़ रहे हैं, इसलिए पीडीए भी बढ़ रहा है।
अखिलेश के इस बयान को राज्य सरकार गठबंधन में शामिल छोटे दलों पर सीधा निशाना माना जा रहा है। इतना ही नहीं, अखिलेश ने एक फिल्मी गीत हम थे जिनके सहारेज् का जिक्र करते हुए तंज कसा और इशारों में कहा कि जिनके सहारे राजनीति खड़ी हुई, वही अब साथ नहीं निभा रहे हैं।
वहीं, निषाद पार्टी के समर्थकों का कहना है कि यह वीडियो केवल एक भावुक क्षण का है, जिसे विपक्ष जानबूझकर राजनीतिक रंग दे रहा है। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए पीडीए समीकरण को मजबूत करने में जुटी है और इस वीडियो के जरिए अति पिछड़े वर्गों को साधने की कोशिश कर रही है।

Comment List