महाराष्ट्र में दिवाली की रात इमारत बनी आग का गोला, 50 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
इमारत में 6 घंटे तक चला लोगों को बचाने का संघर्ष
ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे के एस्टेट इलाके में रविवार रात 17 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिससे शहर में दिवाली का उत्सव प्रभावित हुआ। नौवीं मंजिल से शुरू हुई आग तेजी से फैलकर सत्रहवीं मंजिल तक पहुंच गई, जिससे कई निवासियों की जान खतरे में पड़ गई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। आग रविवार रात वागले एस्टेट स्थित रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला में लगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बचाव और अग्निशमन अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे।
दमकलकर्मी जब आग बुझाने में जुटे थे, उस समय श्री ङ्क्षशदे कुछ करीबी सहयोगियों के साथ परिसर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर इमारत की बिजली आपूर्ति काट दी गई थी, इसलिए वह बैटरी से चलने वाली बड़ी टॉर्च लेकर परिसर में दाखिल हुए। बाद में उन्होंने पार्किंग क्षेत्र के पास दमकलकर्मियों से बातचीत की और आग लगने के कारणों तथा जारी बचाव अभियान की जानकारी ली। इस दौरान दमकलकर्मियों ने उन्हें बताया कि एक व्यक्ति ऊपरी मंजिल पर फंसा हुआ है। श्री ङ्क्षशदे ने पूछा कि क्या वह व्यक्ति युवा है। उन्हें बताया गया कि निवासी को व्हीलचेयर पर सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है। उन्होंने इमारत के भीतर धुएं की स्थिति और बचाव दल के ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के बारे में भी जानकारी ली।
सूचना मिलने के बाद ठाणे और मुंबई से 10 से 15 दमकल गाड़यिां मौके पर भेजी गईं। करीब छह घंटे की लगातार मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इमारत से 50 से अधिक निवासियों और उनके पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में कुछ लोगों को चोटें भी आईं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। नौवीं से 17वीं मंजिल तक के फ्लैटों में रखा घरेलू सामान आग में जलकर खाक हो गया। घटना के बाद ठाणे के जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने पूरे जिले में रॉकेट और हवा में छोड़े जाने वाले अन्य पटाखों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए निर्देश दिया कि अन्य प्रकार के पटाखे भी केवल खुले मैदानों में ही जलाए जाएं।

Comment List