अटल जयंती 2025: सीएम नीतीश और पुष्कर सिंह धामी ने दी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि
नीतीश कुमार और धामी ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया। पटना के पाटलिपुत्र पार्क में राजकीय समारोह आयोजित हुआ, जहाँ गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर आयोजित राजकीय जयंती समारोह में यहां पाटलिपुत्रा पार्क, स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्रा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नन्द किशोर यादव, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव अरविंद कुमार, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद सहित कई गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया।
इसके साथ ही बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर अपने शिविर कार्यालय में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया। सीएम धामी ने कहा कि वाजपेयी जी कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता तथा दूरदृष्टा नेता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण को नई दिशा प्रदान की। उनका संपूर्ण जीवन सुशासन, संवेदनशीलता एवं सर्वसमावेशी विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर लोकहित को सबसे उपर रखा। इसके आगे उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी के विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Comment List