बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने में आमजन बनें मददगार: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त बन रहा केंद्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है। योगी ने अपने संदेश में कहा कि महिषासुरमर्दिनी की विजय और शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र सभी के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि अहंकार, दुराग्रह, आसक्ति और बढ़ती नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विनम्रता, साहस, शक्ति, संकल्प, न्याय और धर्म की विजय का भाव मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में निहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी जब समाज ऐसी प्रवृत्तियों से संघर्ष करता है, तब नवरात्र हमें यह याद दिलाता है कि सज्जनता तभी प्रभावी होती है, जब उसमें शक्ति और संकल्प का सामर्थ्य हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का सशक्त केंद्र बन रहा है। इस चेतना को सार्थक बनाने के लिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नवरात्र में उपासना और उपवास के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह प्रयास करना चाहिए कि वह किसी बहन की सुरक्षा के लिए उसकी आवाज बने, किसी बालिका की शिक्षा में सहयोग करे और किसी महिला के आत्मनिर्भर बनने की राह में उसका संबल बने। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के माध्यम से नवरात्र को शक्ति की उपासना के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया।

Comment List